जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 26 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का शोर शराबा सोमवार शाम थम गया। दूसरे चरण में छह जिलों की 26 सीटों के लिए बुधवार को मतदान होना है, जिसके लिए 239 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इस चरण की 26 सीटों में से 15 सीटें मध्य कश्मीर और 11 सीटें जम्मू क्षेत्र की हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन के लिए सत्ता में वापसी की जिम्मेदारी इसी चरण पर टिकी है। भाजपा ही नहीं, इंजीनियर राशिद और जमात-ए-इस्लामी की भी परीक्षा होगी ? पीडीपी के लिए यह अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की अग्निपरीक्षा है.
जम्मू-कश्मीर के दूसरे चरण की 26 सीटों के लिए 233 पुरुष और 6 महिलाएं अपनी किस्मत आजमा रही हैं। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री व नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना, आप पार्टी प्रमुख अल्ताफ बुखारी और खुर्शीद आलम समेत कई हाई प्रोफाइल नेताओं की परीक्षा होनी है। दूसरे चरण में 15 मध्य कश्मीर और 11 जम्मू क्षेत्र की हैं। कश्मीर संभाग की कंगन, गंदेरबल, हजरतबल, खानयार, हब्बाकदल, लाल चौक, चन्नपोरा, जदीबल, ईदगाह, सेंट्रल शाल्टेंग, बडगाम, बीरवाह, खानसाहब, चरार-ए-शरीफ और चडूरा सीटें शामिल हैं।
वहीं, जम्मू संभाग की गुलाबगढ़, रियासी, श्री माता वैष्णो देवी, कालाकोट-सुंदरबनी, नौशेरा, राजौरी, बुद्धल, थन्नामंडी, सुरनकोट, पुंछ-हवेली और मेंढर सीटों पर बुधवार को मतदान है। पीडीपी ने सभी 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 20 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा दूसरे चरण में सिर्फ 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 98 सीटों पर निर्दलीयों ने दावा ठोका है। जम्मू क्षेत्र के रियासी में 20, राजोरी जिले में 34 और पुंछ जिले में 25 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इसके साथ ही कश्मीर घाटी के श्रीनगर जिले में सबसे ज्यादा 93, बडगाम जिले में 46 और गंदेरबल में 21 उम्मीदवार मैदान में हैं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस का कश्मीर क्षेत्र की सीटों पर मजबूत राजनीतिक आधार है, जबकि भाजपा और कांग्रेस का जम्मू क्षेत्र में राजनीतिक आधार है। 2014 के विधानसभा चुनाव में दक्षिण कश्मीर की 15 सीटों में से सात सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस, 4 सीटें पीडीपी, दो सीटें कांग्रेस, एक भाजपा और एक अन्य ने जीती थी। जम्मू क्षेत्र की 11 सीटों में से 8 सीटें भाजपा, एक कांग्रेस और बाकी सीटें अन्य ने जीती थीं।

