उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की ख़बरों के बाद मचे हंगामे से प्रदेश की यूपी सरकार बैकफुट पर आ गयी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परीक्षा निरस्त करने की घोषणा करनी पड़ी। मुख्यमंत्री योगी के इस एलान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी ने प्रदेश सरकार के इस फैसले को छात्र शक्ति और युवा एकता की बड़ी जीत बताया है. इसके साथ ही राहुल गाँधी ने एक सन्देश भी दिया है कि जो जुड़ेंगे वो जीतेंगे और जो बंटेंगे उन्हें भाजपा सरकार कुचल देगी।
बता दें कि पेपर लीक की बात सामने आने के बाद यूपी की सड़कों पर युवाओं के प्रदर्शन होने लगे और परीक्षा निरस्त करने की मांग होने लगी. वाराणसी, प्रयागराज के बाद कल लखनऊ में छात्रों और अभ्यर्थियों का बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ. विपक्ष विशेषकर राहुल गाँधी ने पेपर लीक मुद्दे को लेकर अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मोदी योगी सरकार पर ज़ोरदार हमले किये। वाराणसी और प्रयागराज में न्याय यात्रा के दौरान उनकी सभाओं में युवाओं की भारी संख्या देखी गयी। पेपर लीक से पीड़ित बहुत से अभ्यर्थी राहुल गाँधी से अपनी पीड़ा बांटने और मदद मांगने पहुंचे। अखिलेश यादव ने भी योगी सरकार को इस मुद्दे पर जमकर घेरा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि छात्र शक्ति और युवा एकता की ये बड़ी जीत है! आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को निरस्त करना ही पड़ा. राहुल ने आगे लिखा कि संदेश साफ है, सरकार सच को दबाने की चाहे जितनी कोशिश करे, अपना हक एकजुट होकर लड़ने से ही जीता जा सकता है। वहीँ यूपी की पूर्व इंचार्ज कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार से भर्ती परीक्षा के लिए जल्द से जल्द नई तारीख की घोषणा करने की मांग की और ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि पेपर लीक नहीं होगा। प्रियंका ने कहा कि सरकार को युवा शक्ति के सामने झुकना ही पड़ा. कल तक सरकार के लोग पेपर लीक की बात ही मानने से इंकार कर रहे थे लेकिन जब युवाओं का गुस्सा देखा तो परीक्षा निरस्त करने का फैसला किया. प्रियंका ने कहा यूपी में हर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होना इस बात का सबूत है कितना भ्रष्टाचार फैला हुआ है.

