मंगलवार को कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार बुधवार को भी गिरावट के साथ खुला, हालाँकि अब उसमें तेज़ी दिखाई दे रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 205 अंक की गिरावट के साथ 70,165.49 पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.25 फीसदी या 52 अंक गिरकर 21,186 पर ओपन हुआ। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स में 400 और निफ़्टी में 150 अंकों से ज़्यादा की बढ़त दिखाई दे रही है. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान पर और 15 शेयर लाल निशान पर ट्रेड करते दिखाई दिए। वहीँ निफ़्टी 50 में 37 शेयर हरे और 13 लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.
निफ्टी के शेयरों में सबसे अधिक तेजी एलटीआई माइंडट्री, हिंडाल्को, डॉ रेड्डी, इन्फोसिसऔर विप्रो में देखने को मिली। वहीं, सबसे अधिक गिरावट एक्सिस बैंक, ग्रेसिम, हीरो मोटोकॉर्प, एशियन पेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा में देखने को मिली। सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो शुरुआती कारोबार में सबसे अधिक गिरावट निफ्टी रियल्टी में 1.19 फीसदी देखने को मिली। इसके अलावा, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.35 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.24 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 0.46 फीसदी और निफ्टी बैंक में 0.24 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। वहीं, सबसे अधिक तेजी निफ्टी मीडिया में 1.32 फीसदी, निफ्टी आईटी में 0.50 फीसदी, निफ्टी मेटल में 0.94 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 0.40 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.21 फीसदी और निफ्टी एफएमसीजी में 0.11 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
क्रूड ऑयल की कीमतों में बुधवार सुबह गिरावट देखने को मिली है। क्रूड ऑयल डबल्यूटीआई फ्यूचर्स 0.12 फीसदी या 0.09 डॉलर की गिरावट के साथ 74.28 बैरल प्रति डॉलर पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, ब्रेंट क्रूड 0.15 फीसदी या 0.12 डॉलर की गिरावट के साथ 79.43 पर ट्रेड करता दिखा।

