पांच महीने बाद मैदान में वापस लौटे रविंद्र जडेजा दिखा दिया कि लोग उन्हें सर जडेजा क्यों कहते हैं.ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज़ पिछले कई दिनों से भारतीय स्पिनर्स को ढंग से खेलने के लिए जमकर अभ्यास कर रहे थे लेकिन रविंद्र जडेजा के नेतृत्व में भारतीय स्पिनर्स ने नागपुर टेस्ट के पहले दिन कंगारुओं का पुलिंदा बाँध दिया और पूरी टीम को 177 रनों पर ढेर कर दिया। जडेजा ने वापसी का जश्न मनाते हुए पांच विकेट हासिल किये, वहीँ अनुभवी अश्विन ने भी तीन विकेट चटकाकर ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज़ों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले खेल के पहले दस मिनट में शमी और सिराज ने दो विकेट हासिल कर ऑस्ट्रेलिया को ज़ोरदार झटका दिया था.
शमी-सिराज ने दिए शुरूआती झटके
ऑस्ट्रलिया को दो शुरुआत झटके लगने के बाद मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ की जमती हुई जोड़ी को जडेजा ने सबसे पहले तोडा। उनका पहला शिकार मार्नस लाबुशेन बने जिन्हें जडेजा स्टंप कराया, अगली ही गेंद पर मैट रेंशा जडेजा की गेंद पर विकटों के सामने पाए गए. कुछ ही देर बाद जडेजा ने अपनी आँखें जमा चुके स्टीव स्मिथ को बोल्ड कर ऑस्ट्रलियन मिडिल आर्डर की कमर तोड़ दी. यहाँ से अश्विन ने मोर्चा संभाला और पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ पारी जमाने जुटे एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रलिया के अरमानों पर पानी फेरा, कैरी काफी आक्रामक अंदाज़ अपनाये हुए थे और भारत के लिए खतरनाक बन रहे थे.
अश्विन ने झटके तीन विकेट
162 रनों पर छठा विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियन टीम का पुलिंदा बंधे में ज़्यादा देर नहीं लगी. पीटर हैंड्सकॉम्ब जो अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे थे उनकी 31 रनों की पारी का जडेजा ने अंत किया, इसके बाद टॉड मर्फी को पगबाधा कर जडेजा ने अपना पंजा पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 63.5 ओवरों में 177 रनों पर ढेर हो गयी. ऑस्ट्रेलियन कप्तान पैट कमिंस के बल्लेबाज़ों ने टॉस जीतने का फायदा नहीं उठाया या ऐसा भी कह सकते हैं कि जडेजा और अश्विन ने उठाने नहीं दिया।
सूर्या, भरत का टेस्ट डेब्यू
इससे पहले सूर्यकुमार यादव और श्रीकर भरत ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। सूर्य कुमार यादव ने अपने डेब्यू पर एक ख़ास रिकॉर्ड भी बनाया। सूर्यकुमार ऐसे पहले खिलाडी हैं जिन्होंने 30 की उम्र के बाद क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में पदार्पण किया। इन्फॉर्म बल्लेबाज़ शुभमन गिल को रोहित शर्मा ने मौका नहीं दिया और ईशान किशन की जगह श्रीकर भरत पर भरोसा दिलाया। पहले दिन ही पिच जिस तरह का बर्ताव कर रही है उससे साफ़ लग रहा है कि मैच पांचवें दिन जाना बहुत मुश्किल है.

