भारत में होने वाले FIH हॉकी विश्व कप की व्हिसिल बजने में बस अब कुछ घंटों की बात है, ओडिशा के शहर भुवनेश्वर और राउरकेला में 13 से 29 जनवरी तक चलने वाले हॉकी इस महाकुम्भ के सफल आयोजन की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. मेज़बान भारत जो अपने अभियान का आगाज़ स्पेन के खिलाफ 13 जनवरी को करेगी उसे ग्रुप डी में इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स के साथ रखा गया है.
1975 में भारत ने जीता था खिताब
जहाँ तक भारत के विश्व कप मुकाबलों में प्रदर्शन का सवाल है तो 1975 में मलेशिया में खिताबी जीत हासिल करने के बाद वो कभी भी 5 वीं पोजीशन से आगे नहीं बढ़ सका है. पिछले विश्व कप में उसकी पोजीशन छठी थी जो पिछले पांच विश्व कप के बाद सबसे अच्छी थी. इस बीच पाकिस्तान जो चार बार वर्ल्ड कप चैम्पियन रह चूका है और इस बार क्वालीफाई नहीं कर पाया है, उसके महान पूर्व सेंटर फॉरवर्ड हसन सरदार इस बार टीम इंडिया को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं। हसन सरदार के मुताबिक भारतीय टीम खिताब जीतने की क्षमता रखती है, अपने घरेलू मैदानों का उसे फायदा मिलना चाहिए। हसन सरदार के मुताबिक टीम इंडिया रजत या कास्य पदक तक ज़रूर पहुँच सकती है.
सच हुई थी हसन सरदार के भविष्यवाणी
हसन सरदार ने टोक्यो ओलम्पिक से पहले भी हॉकी टीम इंडिया के पदक जीतने की बात कही थी और भारत ने उनकी भविष्यवाणी को सच साबित किया था और कास्य भी जीता था. हसन सरदार के मुताबिक ओलम्पिक में कास्य जीने वाली टीम खिताबी जीत हासिल कर सकती है क्योंकि टॉप की चार टीमों में कोई ज़्यादा अंतर नहीं होता। बस मिले अवसरों को जो ज़्यादा भुना लेता है वो चैम्पियन बन जाता है. बता दें कि हसन सरदार हॉकी जगत का बहुत बड़ा नाम हैं, उनके समय पाकिस्तान की टीम लगभग हर मुकाबले में चैंपियन हुआ करती थी.

