- फेफड़ों में संक्रमण के बाद दून अस्पताल में हुए भर्ती
- सम्पर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से लेकर कैबिनेट मंत्री और विधायकों तक को कोरोना संक्रमण अपनी चपेट में ले चुका है। अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी कोरोना संक्रमित हो गये हैं। किशोर उपाध्याय ने ट्विट कर अपने संपर्क में आये लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। वहीं किशोर उपाध्याय के संक्रमित हो जाने के बाद प्रदेश कांग्रेसियों में खलबली मची हुइ है।
दरअसल बुखार व खांसी की शिकायत होने के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कोरोना टेस्ट कराया था। सीटी स्कैन में उनके फेफड़ों में हल्का संक्रमण पाया गया और उनकी कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें मेडिकल कालेज चिकित्सालय में भर्ती किया गया था।
किशोर उपाध्याय ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर कहा, दोस्तों मेरी कोविड-19 रिपोर्ट पाॅजीटिव आयी है। इस बीच जो भी साथी मेरे सम्पर्क में आये हैं।सावधानी बरतें और स्वयं को आईसोलेट कर लें।
अगले ट्विट में उन्होंने कहा, साथियों मैं आप सबकी मेरे प्रति व्यक्त चिन्ताओं, प्रार्थनाओं और आशीषों के लिये आभारी हूँ। मैं दून अस्पताल में हूँ। क्षमा चाहता हूँ, फोन पर कुछ दिन बात नहीं कर पाऊँगा, आपकी शुभेच्छाओं और आशीर्वादों के लिये अंतर्मन से आभारी हूँ।
किशोर उपाध्याय के कोराना संक्रमित होने के बाद प्रदेश के कांग्रेस नेताओं में खलबली मची हुई है। गौरतलब है कि किशोर उपाध्याय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होने के कारण हर बैठक में शामिल होते थे और प्रदेश के वरिष्ठ नेता उनके संपर्क में थे। अब कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक में चिंता का माहौल बन गया है।

