नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मैच 7 जनवरी से सिडनी के एससीजी मैदान पर खेला जाना है। सिडनी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दोनों टीमें मेलबर्न में रुककर ही इस मैच की तैयारी कर रही थी और सोमवार को दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने सिडनी के लिये उड़ान भरी। 7 जनवरी से होने वाला यह मैच दोनों टीमों के बीच 13वां मुकाबला होगा।
वहीं मैच शुरू होने से पहले इस मैदान से जुड़े कुछ अहम आंकड़ों पर नजर डालते हैं, जो साफ कर देंगे कि सीरीज का तीसरा मैच कितना रोमांचक होने वाला है।
उल्लेखनीय है कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 12 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 5 बार तो भारतीय टीम ने 1 बार मैच जीतने का कारनामा किया है। इस दौरान यहां पर खेले गये मैचों में 6 बार ऐसा हुआ जब मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपनी इकलौती जीत साल 1977 में हासिल की थी, जिसमें भारतीय टीम ने कगारू टीम को एक पारी और 2 रनों से हराया था।
वहीं पिछले साल हुए मैच में कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट विकेट हासिल किये थे और ऋषभ पंत ने नाबाद 159 रनों की पारी खेली थी। ऋषभ पंत अपनी इस पारी के साथ इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गये थे। हालांकि यह मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।

