गाजियाबाद। जिले के थाना साहिबाबाद इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां पर देर रात मौका पाते ही चोर एक रेस्टोरेंट में चोरी करने घुस गए। लेकिन वहां चोरों ने चिकन और गुलाब जामुन व कोल्ड ड्रिंक देखी तो सबसे पहले उन्होंने जमकर दावत उड़ाई। इसके बाद चोर चिकन, गुलाब जामुन भी पैकिंग कर लॉकर में रखी चालीस हजार की नकदी लेकर फरार हो गए।
आश्चर्य की बात यह है कि यह चोरी की घटना सीओ साहिबाबाद कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर ही घटी। रेस्टोरेंट संचालक ने सुबह जाकर देखा और सब कुछ अस्त-व्यस्त पाया तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पीड़ित ने थाना इंदिरापुरम पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में लगी हुई है।
Also read: फिरौती के लिए मौसेरे भाई को अगवा कर चाकू से रेत दिया गला, निशानदेही पर शव बरामद
मिली जानकारी के अनुसार वसुंधरा सेक्टर 5 में रहने वाले पीड़ित अमन कुमार का नजीर फूड्स नाम से राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे रेस्टोरेंट है। रोजाना की तरह गुरुवार को रेस्टोरेंट रात 10:00 बजे बंद हुआ और देर रात चोरों ने उनके रेस्टोरेंट को निशाना बनाया।
सबसे पहले चोर अंदर घुसे और उन्होंने वहां रखे लजीज चिकन व गुलाब जामुन और कोल्ड ड्रिंक देखी तो उन्होंने जमकर दावत ही नहीं उड़ाई बल्कि वह घर के लिए भी चिकन और गुलाब जामुन व अन्य खाने का सामान पैकिंग कर ले गए। साथ ही गल्ले में रही ₹40000 की नगदी भी चुरा ली गई। रेस्टोरेंट के मालिक अमन को इसकी जानकारी उस वक्त हुई। जब शुक्रवार की सुबह वह रोजाना की तरह अपना रेस्टोरेंट खोलने पहुंचे। जब उन्होंने रेस्टोरेंट के ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए।जिसके बाद यह सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

