श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शुक्रवार सुबह लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए।
तलाशी अभियान के दौरान चली गोलियां
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के सिरहामा में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बृहस्पतिवार को इलाके की घेराबंदी की गई और तलाश अभियान शुरू किया गया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके बाद बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।
रातभर घेराबंदी
अधिकारी के अनुसार इलाके में रातभर कड़ी घेराबंदी रखी गई, ताकि आतंकवादी बच कर भाग नहीं सकें। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियारों एवं गोला बारूद समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। तलाशी अभियान जारी है।

