- रविवार को 9 कोरोना संक्रमितों की मौत
- प्रयागराज में अब 8263 कोरोना एक्टिव केस
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को 1569 नये कोरोना संक्रमित मिलने से हालात बेकाबू हो चले हैं। हालात यह हैं कि अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने के लिये बेड नहीं हैं तो सरकारी कार्यालयों में कार्य करने के लिये 50 प्रतिशत कर्मचारी भी नहीं बचे हैं। सीएम योगी के आदेशों के मुताबिक तमाम बंदिशें लागू करना भी बेमानी हो रहा है।
रविवार को प्रयागराज जिले में 1569 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 38404 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 8263 हो गये हैं। आज 199 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 29693 हो गया है। वहीं आज 9 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 448 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी )
उत्तर प्रदेश में तेजी से फैलते कोरोना संक्रमण के बीच प्रयागराज अब दूसरे नंबर पर आ गया है। प्रयागराज से पहले लखनऊ और उसके बाद कानपुर का नंबर है। कुछ दिन पहले तक प्रयागराज तीसरे नंबर पर था। यहां संक्रमण इतनी तेजी के साथ फैल रहा है कि आने वाले दिनों में कोरोना संक्रमितों के मामले में यह प्रदेश में पहले नंबर पर आने की आशंका हो रही है। अस्पतालों में बेड कम हैं तो दफ्तरों में कर्मचारी संक्रमित होने के कारण आॅफिस नहीं आ रहे हैं। आने वाले दिनों में नवरात्र और रमजान के साथ पंचायत चुनाव भी होने हैं। ऐसे में कोरोना के प्रसार को रोकना बेहद मुश्किल होगा।

