लंदन। भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने ब्रिटेन में इतिहास रच दिया है। महाराजा चाल्र्स तृतीय ने सुनक को भारतीय मूल का पहला ब्रिटिश प्रधानमंत्री नियुक्त कर दिया है। ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री सुनक हिंदू हैं। ब्रिटेन के इतिहास में वह पिछले 210 साल में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने हैं।
किंग चाल्र्स तृतीय द्वारा ऋषि सनक को ब्रिटिश का नया प्रधानमंत्री घोषित करने के बाद ऋषि सुनक 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचे। जहां उन्होंने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनाने के लिए महाराजा चाल्र्स तृतीय के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि हमारा देश रूस-यूक्रेन युद्ध व महामारी के चलते गंभीर आर्थिक संकट में है। कुछ गलतियां हुई थीं और उन्हें दुरुस्त करने के लिए ही उनको चुना गया है। इन गलतियों को ठीक करने का काम तुरंत शुरू होगा। हम जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनसे सहानुभूतिपूर्ण तरीके से निपटने का ब्रिटेन की जनता से वादा करता हूं।
उन्होंने कहा कि, मैं अपनी पार्टी का नेता चुना गया हूं, मैं वादा करता हूं कि मैं उसी मानवता के साथ काम करूंगा और आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य निर्माण करने पर कार्य करूंगा। मैं अपने देश को न सिर्फ शब्दों से बल्कि गतिविधियों के साथ एकजुट करने का काम करूंगा।

