जब भी वैक्स म्यूजियम का नाम लिया जाता है तो लंदन के मैडम तुसाद को अक्सर याद किया जाता है। 1835 में बना यह मोम संग्रहालय निस्संदेह पूरी दुनिया में आकर्षण का केंद्र है। लेकिन हकीकत में लंदन स्थित वैक्स म्यूजियम का दौरा करना हर किसी के लिए संभव नहीं है। हालाँकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आप मोम की मूर्ति को अपनी आँखों से नहीं देख सकते।
शायद आपको पता न हो लेकिन अब भारत में भी मोम संग्रहालय बन गए हैं। इतना ही नहीं, नोएडा से लेकर कोलकाता तक कई जगहों पर मोम संग्रहालय खोले गए हैं। यहां आपको फिल्मी सितारों से लेकर कई लोकप्रिय हस्तियों के मोम के पुतले देखने को मिलेंगे। जो बिल्कुल असली लगते हैं और आप इनसे कई बेहतरीन तस्वीरें क्लिक करवा सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको भारत में स्थित कुछ मोम संग्रहालयों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको एक बार जरूर देखना चाहिए-
मैडम तुसाद वैक्स संग्रहालय, नोएडा
लंदन के प्रसिद्ध मैडम तुसाद वैक्स संग्रहालय के समान, वैक्स संग्रहालय 2017 में नई दिल्ली में खोला गया था, लेकिन महामारी के दौरान बंद कर दिया गया था। बाद में इस संग्रहालय को नोएडा स्थानांतरित कर दिया गया। नोएडा के डीएलएफ मॉल में स्थित यह म्यूजियम काफी मशहूर है। यहां आपको राजनेताओं, मशहूर हस्तियों, खिलाड़ियों और ऐतिहासिक शख्सियतों की मोम की मूर्तियां मिलेंगी। मधुबाला से लेकर राज कपूर, शाहरुख खान, सोनू निगम, रणबीर कपूर और दिलजीत दोसांझ, सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और महात्मा गांधी जैसी कई शख्सियतों की प्रतिमाएं देखने का मौका मिलेगा. इन मूर्तियों के साथ तस्वीरें क्लिक कराने का भी अपना एक अलग मजा है।
मदर्स वैक्स म्यूजियम, कोलकाता
कोलकाता में स्थित मदर्स वैक्स म्यूजियम बहुत लोकप्रिय है। यहां आने वाले पर्यटकों को इस मोम संग्रहालय को जरूर देखना चाहिए। संग्रहालय पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को-ऑपरेशन भवन के अंदर स्थित है। यह संग्रहालय विभिन्न खंडों में विभाजित है। यहां कई मशहूर हस्तियों की असली दिखने वाली मोम की मूर्तियां हैं। इतना ही नहीं, यहां आपको स्पाइडरमैन, आयरनमैन, जादू जैसे कई काल्पनिक पात्रों की मूर्तियां भी मिलेंगी। यह संग्रहालय सोमवार को बंद रहता है।
मायापुरी वंडर वैक्स, कन्याकुमारी
कन्याकुमारी में स्थित मायापुरी वंडर वैक्स संग्रहालय काफी अनोखा संग्रहालय है। इस मोम संग्रहालय में मोम की मूर्तियों के अलावा 3डी पेंटिंग भी हैं। अगर आप यहां हैं तो आप मदर टेरेसा, बैटमैन, शाहरुख खान और कई अन्य महान हस्तियों की मोम की मूर्तियां देख सकते हैं। इस प्रतिमा के साथ तस्वीरें लेने और पोज देने में बहुत मजा आता है। यह वैक्स म्यूजियम सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहता है।
मेलोडी वर्ल्ड वैक्स म्यूजियम, मैसूर
भारत का यह मोम संग्रहालय अपने आप में बहुत अनोखा है और यह किसी अन्य सेलिब्रिटी मोम प्रतिमा की तरह नहीं है। यहां मौजूद हर मोम की मूर्ति आपको पारंपरिक भारतीय पोशाक में ही नजर आएगी। इतना ही नहीं इन सभी को कोई न कोई वाद्य यंत्र भी मिलेगा. ऐसा कहा जाता है कि इस संग्रहालय में दुनिया के संगीत वाद्ययंत्रों का सबसे बड़ा संग्रह है। यह मोम संग्रहालय मैसूर पैलेस से केवल तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

