मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर समिट में कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा देश के कई उद्योगपतियों से मुलाकात पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि कोई भी इन्वेस्टर उत्तर प्रदेश में निवेश नहीं करना चाहता क्योंकि भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश का विकास थम गया है. इस सिलसिले में सीएम योगी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अम्बानी से भी मिले थे. अब अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए योगी सरकार के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा है कि सपा के पास चूँकि कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वो इस तरह की बातें कर रही है.
मुद्दाविहीन विपक्ष
दानिश अंसारी ने विपक्ष को मुद्दा विहीन बताते हुए कहा कि कल मुंबई से प्रदेश सरकार को पांच हज़ार करोड़ का निवेश मिला है. उद्योगपति हों या फिल्म मेकर्स हर कोई यूपी में निवेश के लिए आकर्षित है. कल मुख्यमंत्री जी ने बड़े बड़े उद्योगपतियों और सिनेमा जगत की बड़ी बड़ी हस्तियों से मुलाकात की. यह सब देखकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव दरअसल निराश हो गए हैं और निराशा में इस तरह की बातें कर रहे हैं जबकि तस्वीर इसके बिलकुल उलट है.
फ़िल्मी हस्तियां पहले सैफई में सिर्फ नाचने आती थीं
योगी सरकार के मंत्री ने कहा कि सपा कार्यकाल में फ़िल्मी हस्तियां सैफई में सिर्फ नाचने गाने आती थीं लेकिन अब वो प्रदेश में फिल्में बनाने के लिए आती हैं जिससे रोज़गार का सृजन भी होता है और प्रदेश में निवेश भी आता है. आज प्रदेश के बदले माहौल ने बॉलीवुड को यूपी की ओर आकर्षित किया है. दानिश आज़ाद ने कहा कि अगर मुंबई जाकर मुख्यमंत्री जी उद्योगपतियों से मुलाकात करते हैं उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए कहते हैं तो इसमें बुराई क्या है. प्रदेश में जितना ज़्यादा निवेश आएगा उतना ही ज़्यादा विकास होगा लेकिन सपा का विकास से कोई नाता तो है नहीं जबकि भाजपा सिर्फ विकास की ही बात करती है.

