उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, बजट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सदन में भाषण दे रहे थे, सदन में आज जब उन्हें नेता विपक्ष अखिलेश यादव नज़र नहीं आये तो उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए उनकी सदन में गैरहाजरी को लेकर तंज़ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर समस्या का समाधान दो तरह से निकलता है, चर्चा में भाग लो या फिर भाग लो, नेता प्रतिपक्ष की सीट खाली है इसका मतलब है उन्होंने भागने का विकल्प चुना है. बता दें कि अखिलेश यादव आज तमिलनाडु के दौरे पर हैं और शिवपाल यादव सदन में सपा का नेतृत्व कर रहे थे.
शिवपाल की जमकर की तारीफ
अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी में आज सपा विधायक काफी खामोश नज़र आये वहीँ मुख्यमंत्री योगी अपने भाषण के दौरान कई बार शिवपाल यादव की भरपूर तारीफ करते रहे. उन्होंने नेता विपक्ष की सीट की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अगर यहाँ पर आप बैठे होते तो बात ही कुछ और होती। शिवपाल ने उठकर याद दिलाया कि तीन साल उनके संपर्क में रहे, इसपर योगी ने कहा कि आप हमारे संपर्क में आज भी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा में भले ही आपका सम्मान न होता हो लेकिन हम आपका सम्मान करते हैं
संकल्प पत्र के संकल्पों को पूरा करने की बात
मुख्यमंत्री ने सदन से कहा कि पार्टी ने जो वादे किए गए उसे निभाया गया। संकल्प पत्र के 130 संकल्पों में से 110 के लिए इस बजट में धनराशि की व्यवस्था की गई जिसके लिए 64 हजार 700 करोड़ राशि प्रस्तावित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले घोषणाएं होती थी लेकिन पूरी नहीं होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्टने MSME को नया रूप दिया है, ज़िलों को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने ODOP की जगह वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया जरूर दिया था।

