शबनम इस्माइल की शानदार गेंदबाज़ी के बदौलत साऊथ अफ्रीका ने एक बार की चैंपियन और तीन बार की रनर अप इंग्लैंड को 6 रनों से हराकर उसके सपनो को तोड़ दिया। वहीँ यह अफ़्रीकी टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है. इंग्लैंड की टीम को आखरी ओवर में जीत के लिए 13 रनों की ज़रुरत थी, गेंद साउथ अफ्रीका की सबसे अनुभवी गेंदबाज़ शबनम इस्माइल के हाथों में थी. इस ओवर में इस्माइल ने न सिर्फ हेदर नाइट का महत्वपूर्ण विकेट निकाला बल्कि रन भी सिर्फ 6 बनने दिए. साउथ अफ्रीका की पुरुष टीम तो ICC मुकाबलों में अबतक चोकर ही साबित हुई है लेकिन लगता है कि दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम इस चोकर के टैग का ख़त्म कर सकती है, वैसे फाइनल में पहुंचकर उसने इस टैग को हटा ही दिया है.
तेज़मिन ब्रिट्स ने खेली शानदार पारी
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए साउथ अफ्रीका ने चार विकेट 164 रन बनाये। टीम के लिए लॉरा वुलफ़ार्ट 53 और तेज़मिन ब्रिट्स ने 68 रनों की पारियां खेलीं। दोनों के बीच सलामी जोड़ी के रूप में 96 रनों की ठोस साझेदारी हुई. इसके बाद मरीज़ान काप ने 27 रनों की एक उपयोगी पारी खेलकर स्कोर को एक बेहतर मुकाम देने में मदद की. इंग्लैंड के लिए सोफ़ी एकलस्टन सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहीं और चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला इतवार को
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम आठ विकेट पर 158 रनों तक ही पहुँच सकी और उसे 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड की टीम की शुरुआत भी अच्छी हुई और डैनी वायट-सोफ़िया डंकली के बीच 53 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन इसी स्कोर पर इंग्लैंड को दो झटके लगे, 85 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा लेकिन इसके बाद नैटली सिवर-ब्रंट और कप्तान हेदर नाइट के बीच 42 रनों की एक अच्छी साझेदारी हुई लेकिन 132 के स्कोर पर नैटली सिवर-ब्रंट 40 रन बनाकर आउट हो गयी और यही से इंग्लैंड पिछड़ती चली गयी क्योंकि इसके बाद हेदर नाइट का साथ कोई भी बल्लेबाज़ नहीं दे सका और आखरी ओवर में हेदर नाइट भी आउट हो गयी. साउथ अफ्रीका का अब संडे को मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से सामना होगा। ऑस्ट्रेलिया सात में से पांच बार विश्व कप को जीत चुकी है.

