इंटरनेशनल डेस्क – जेफरी एपस्टीन का नाम आते ही दुनिया भर में यौन तस्करी, नाबालिग लड़कियों का शोषण और हाई-प्रोफाइल नामों की काली सूची की बात शुरू हो जाती है। लेकिन हाल ही में यह मामला एक बार फिर चर्चा में है — और इस बार वजह हैं एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप।
अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने 3 मई 2025 को एक बड़ा बयान दिया, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाया कि उनका नाम ‘एपस्टीन फाइल्स’ में है, और ट्रंप प्रशासन जानबूझकर ये दस्तावेज़ सार्वजनिक नहीं कर रहा। मस्क ने इस आधार पर ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की मांग तक कर डाली।
एपस्टीन फाइल्स क्या हैं?
जेफरी एपस्टीन, एक अमेरिकी फाइनेंसर और यौन अपराधी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। वह दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं, बिजनेसमैन और सेलिब्रिटीज के साथ रिश्तों में था।
एपस्टीन फाइल्स में शामिल हैं:
- फ्लाइट लॉग्स (उसके प्राइवेट जेट ‘लोलिटा एक्सप्रेस’ के यात्रियों की सूची)
- चैट्स, वीडियो और तस्वीरें
- संपर्क सूची, कॉल रिकॉर्ड्स
- गवाहों की गवाही और कोर्ट में जमा सबूत
इनमें बिल क्लिंटन, प्रिंस एंड्रयू, केविन स्पेसी, माइकल जैक्सन, हार्वे वीनस्टीन और कई अन्य नाम सामने आ चुके हैं।
अब हाल ही में जनवरी 2024 और फरवरी 2025 में जारी दस्तावेजों में ट्रंप का नाम भी शामिल बताया गया है।
क्या वाकई एपस्टीन से जुड़े हैं डोनाल्ड ट्रंप?
- ट्रंप का नाम एपस्टीन की संपर्क सूची और उड़ान लॉग्स में कई बार सामने आया।
- वह 1993 से 1997 के बीच सात बार एपस्टीन के जेट से यात्रा कर चुके हैं।
- इन फ्लाइट्स में कभी उनकी पत्नी, बेटी टिफनी, और एक केयरटेकर भी साथ थे।
- 2002 में ट्रंप ने एपस्टीन को ‘शानदार व्यक्ति’ कहा था।
बाद में ट्रंप ने दावा किया कि उनका 2004 में रियल एस्टेट विवाद के चलते एपस्टीन से विवाद हुआ और उन्होंने उसे मार-ए-लागो क्लब से बैन कर दिया।
महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी दस्तावेज़ में ट्रंप के खिलाफ प्रत्यक्ष अपराध के सबूत सामने नहीं आए हैं, लेकिन मस्क का दावा है कि कई जानकारियां अभी भी छिपाई जा रही हैं।
ट्रंप ने कहा कि मस्क इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी में कटौती के बाद बौखला गए हैं, जबकि मस्क ने ट्रंप को “एहसान फरामोश” बताया और कहा कि “मेरी वजह से ही ट्रंप चुनाव जीते थे”।
इसके बाद से ही दोनों के बीच खुली जंग शुरू हो गई है — सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।
महाभियोग की मांग क्यों?
मस्क का आरोप है कि ट्रंप:
- एपस्टीन से जुड़ी फाइलें जानबूझकर छिपा रहे हैं
- न्यायिक पारदर्शिता में बाधा बन रहे हैं
- और अगर वे सच में दोषी हैं, तो अमेरिकी लोकतंत्र के लिए खतरा हैं
- मस्क का कहना है कि महाभियोग लगना चाहिए ताकि सच सामने आ सके।

