- केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, साजिश बंद करें नवाब मलिक
- राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने दिया मामले में दखल
मुंबई। क्रूज ड्रग्स केस में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार करने के बाद से राजनीतिक हमलों का शिकार हो रहे एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को अब पाॅलिटिक्ल सपोर्ट मिल रहा है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने नवाब मलिक से साजिश करना बंद करने को कहा है। वहीं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष अरुण हलदर ने अनुसूचित जाति के अधिकारी पर कोई जातिगत आधार पर आरोप लगाये जाने पर आयोग के चुप न बैठने की चेतावनी दी है।
Read also: मुझे टारगेट किया जा रहा हैः वानखेड़े
रविवार को समीर वानखेडे़ के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े और पत्नी क्रांति रेडकर वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले से मुलाकात की थी। ’ बताया गया कि केंद्रीय मंत्री ने समीर वानखेड़े को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं होने का आश्वासन भी परिवार को दिया है। इसके बाद रामदास आठवले ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि ‘मैं नवाब मलिक से कहना चाहता हूं कि समीर और उसके परिवार को बदनाम करने की साजिश बंद करो। अगर नवाब मलिक समीर को मुसलमान बता रहे हैं तो वह खुद मुसलमान होकर यह आरोप क्यों लगा रहे हैं? रामदास आठवले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी समीर वानखेड़े के साथ खड़ी है। प्रेस काॅन्फ्रेंस में मौजूद समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर वानखेड़े ने कहा कि हर दलित की तरह अठावले उनके साथ भी खड़े हैं। कहा कि नवाब मलिक द्वारा लगाये गये अब तक के सभी आरोप झूठे साबित हुए हैं।
वहीं रविवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष अरुण हलदर समीर वानखेड़े के घर पहुंचे तो इस मामले में दलित एंगल साफ दिखने लगा। दरअसल वानखेड़े ने शनिवार को अरुण हलदर से मुलाकात की थी। जिसके बाद हलदर ने किसी अनुसूचित जाति के अधिकारी पर जातिगत आधार पर आरोप लगाये जाने पर आयोग के चुप न बैठने की चेतवानी दी थी। रविवार को वानखेड़े से मिलने पहुंचे आयोेग उपाध्यक्ष ने कहा कि वानखेड़े की ओर से दिखाये गये प्रमाणपत्रों से पता चलता है कि वह अनुसूचित जाति के महार समाज से संबंध रखते हैं। वानखेड़े के पिता महार समाज से होने के कारण समीर को भी अनुसूचित जाति का ही प्रमाण पत्र मिला हुआ है। हलधर ने बताया कि समीर वानखेड़े ने उन पर दवाब बनाये जाने की शिकायत आयोग से की है।
Read also: पिक्चर तो अभी बाकी है मेरे दोस्त…
गौरतलब है कि क्रूज ड्रग्स केस में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर राजनीतिक दल तमाम तरह के आरोप लगा रहे हैं। खासतौर पर एनसीपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने वानखेड़े पर रिश्वतखोरी, ड्रग माफिया को छोड़ने के आरोप लगाने के साथ उनकी जाति और धर्म पर भी सवाल उठाये हैं। समीर वानखेड़े पर लगाये गये आरोपों की जांच एनसीबी की विजिलेंस टीम कर रही है।

