उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लेजेंड्स क्रिकेट लीग की टीमें इन दिनों आपस में टकरा रही हैं। आज रात गुजरात जायंट्स और मणिपाल टाइगर्स के बीच मैच खेला जाना है. मणिपाल टीम की कप्तानी जहाँ हरभजन सिंह कर रहे हैं वहीँ गुजरात जायंट्स की कप्तानी विस्फोटक वीरू यानि वीरेंद्र सेहवाग के हाथों में है. मैच से पहले आज एक पत्रकार वार्ता में वीरेंद्र सेहवाग ने कहा कि वह इस लीग में अपनी टीम के लिए रन बनाकर अपने प्रशंसकों का दिल एकबार फिर जीतना चाहते हैं.
सहवाग ने कहा कि टीम ने शानदार शुरुआत की है, केविन ओ ब्रायन ने शतक लगाया हमारे गेंदबाजों ने भी अच्छी गेंदबाज़ी की है। क्रिकेट के मैदान पर एकबार फिर वापसी हुई है इसलिए मेरा प्रयास होगा कि एक बार फिर मैं अपनी बल्लेबाजी से अपने प्रशंसकों का मनोरंजन कर सकूं। सेहवाग ने उम्मीद जताई कि गुजरात जायंट्स की जीत का सफर जारी रहेगा और टीम ट्रॉफी जीतेगी। सेहवाग ने खिलाडियों की फिटनेस को बहुत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि 40 साल की उम्र के बाद खेल छोड़ चुके क्रिकेटर अपनी फिटनेस पर ज़्यादा ध्यान नहीं दे पाते लेकिन अब लीजेंड्स क्रिकेट लीग जैसे टूर्नामेंट पूर्व खिलाडियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता पैदा करेंगे क्योंकि जब आप बड़ी उम्र भी कम्पटीटिव क्रिकेट खेलना चाहेंगे तो उसके लिए आपको फिट होना पड़ेगा।
सहवाग ने कहा कि मुझे मेरी फ्रैंचाइज़ी ने इस लिए खरीदा है कि मैं रन बनाऊंगा, अगर मैं फिट नहीं तो फिर कैसे रन बनाऊंगा और अगर रन नहीं बनाऊंगा तो कहीं न कहीं मैं अपना नाम खुद खराब करूंगा क्योंकि मेरा नाम तो रन बनाने और बैटिंग स्टाइल के लिए ही जाना जाता है. इसलिए फिटनेस बहुत ज़रूरी है और धीरे धीरे इस लीग में आपको पहले ज़्यादा फिट खिलाडी खेलते हुए दिखाई देंगे।
पत्रकार वार्ता को पार्थिव पटेल ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत में खेल का लेवल बहुत आगे जा रहा है क्योंकि बुनियादी ढाँचे में लगातार सुधार हो रहा है। प्राइवेट कंपनियां स्पोर्ट्स में निवेश के लिए सामने आ रही हैं. वहीँ गुजरात जायंट्स के कोच वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि इस लीग में खेल रहे क्रिकेटर्स न सिर्फ लेजेंड्स हैं बल्कि इस खेल के जायंट्स भी हैं। उन्होंने बताया कि टीम के साथ जल्द ही क्रिस गेल भी जुड़ रहे हैं. वहीँ आयरलैंड के ओ ब्रायन ने कहा कि लखनऊ वो पहली बार आये हैं, बड़ी उत्सुकता है लखनऊ के बारे में.

