काफी समय से अनाउंस की गई फिल्म मिस्टर लेले की स्टारकास्ट आखिरकार फाईनल हो चुकी है। धर्मा प्रोडक्शन्स की इस फिल्म में विकी कौशल और कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में होंगे। ये फिल्म काफी समय से डिब्बाबंद थी लेकिन अब फिल्म का काम तेज़ी से शुरू हो चुका है।
गौरतलब है कि धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए ये फिल्म बना रहे थे शशांक खेतान और फिल्म के हीरो थे उनके चहेते वरूण धवन। वरूण के साथ फिल्म का पोस्टर भी रिलीज़ किया गया था और वादा किया गया था कि फिल्म 1 जनवरी 2021 को थियेटर में होगी। उस वक्त फिल्म की हीरोइन थीं कियारा आडवाणी।
फिर कियारा ने फिल्म छोड़ दी और नई हीरोइन की तलाश होने लगी। इसके बाद फिल्म ही बंद हो गई। अब विकी कौशल और कियारा आडवाणी एक बार फिर से फिल्म मेें दिखाई देंगे।
इस फिल्म से पहले, विकी कौशल और कियारा आडवाणी, करण जौहर की लस्ट स्टोरीज़ में दिखाई दे चुके हैं और दोनों की केमिस्ट्री की काफी तारीफ हुई थी।
माना जा रहा था कि फिल्म में जान्हवी कपूर और भूमि पेडनेकर होंगी। वरूण और जान्हवी को एक साथ फिल्म में देखने के लिए फैन्स काफी उत्साहित भी थे। लेकिन फिर वरूण धवन ने भी फिल्म छोड़ दी। वरूण धवन के फिल्म छोड़ने के बाद, ये फिल्म डिब्बाबंद हो गई।

