लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections) में मिली करारी हार के बाद बसपा अब ऐक्शन मोड में आ रही है। गत रविवार को पार्टी चीफ मायावती ने लखनऊ में हार को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इस मीटिंग में प्रदेश के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में मायावती ने अहम फैसला लेते हुए सभी कमेटियों को भंग कर दिया है। इसी के साथ आजमगढ़ लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की भी घोषणा कर दी। मायावती ने बसपा से गुड्डू जमाली को आजमगढ़ उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। गुडडू के बसपा प्रत्याशी बनने से अखिलेश की आजमगढ़ अब आसान नहीं है। मायावती का यह पैतरा सपा और अखिलेश यादव दोनों पर भारी पड़ सकता है।
बता दें आजमगढ़ कभी बसपा का गढ़ हुआ करता था। लेकिन उसके बाद से यहां पर सपा के अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) बराबर चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस बार विधानसभा चुनाव अखिलेश ने मैनपुरी के करहल विधानसभा से जीता। जिसके बाद उन्होंने आजमगढ़ की संसदीय सीट से त्यागपत्र दे दिया था। अब इस सीट पर लोकसभा के उपचुनाव होने वाले हैं। हालांकि सपा ने अभी तक अपना कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। लेकिन जिस तरह से बसपा ने गुडडू के रूप में चाल चली है। उससे अखिलेश के माथे पर चिंता की लकीरें जरूर खिचं गई हैं ।

