देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 (Uttarakhand assembly election 2022) में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के बड़े नेता भी अब बयानबाजी करने लगे हैं। हाईकमान के रोक के बावजूद भी वे ऐसा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। अब पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने पार्टी की हार के लिए गुटबाजी को जिम्मेदार ठहराया है। कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए ही गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। प्रदेश अध्यक्ष भले ही बदल दिया गया हो लेकिन प्रदेश में जो टीम थी वह प्रीतम सिंह की थी। इसका प्रदेश अध्यक्ष कितना सहयोग चुनाव में मिला होगा। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद (Former Assembly Speaker Govind) ने नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के अलावा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक हर इकाई भंग कर दी जाती है। नया अध्यक्ष बनने के बाद सभी इकाइयों को भंग करने के लिए स्वीकृति लाने का काम प्रदेश प्रभारी करते हैं। लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। जिस कारण से नए अध्यक्ष को उसी पुरानी टीम के साथ अकेले काम करना पड़ा। इससे संगठन में मजबूती की अपेक्षा कई गुट बनते गए और जो बाद में विधानसभा चुनाव का हार कारण बने।

