लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बालिकाओं के लिए इस बार का रक्षाबंधन पर्व बेहद अहम होने वाला है। पर्व से एक दिन पूर्व 21 अगस्त को मिशन शक्ति के शुभारंभ के साथ योगी सरकार महिलाओं-बेटियों को कई बड़े तोहफे देने की तैयारी में है। सबसे ज्यादा तोहफे महिला पुलिसकर्मियों के लिए होंगे। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महिला पुलिसकर्मियों को पुरुष सहकर्मियों की तरह ही बीट पुलिस अधिकारी के रूप में तैनाती का उपहार देंगे, तो महिला पुलिसकर्मियों के नन्हें-मुन्ने बच्चों के लिए सभी 78 पुलिस जनपदों में बालवाड़ी का उपहार भी मिलेगा।
शुक्रवार को सीएम योगी ने 21 अगस्त से शुरू होने जा रहे मिशन शक्ति के तीसरे चरण के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य समारोह की तर्ज पर शेष 74 जिलों में भी विशेष आयोजन किए जाएं। सीएम के निर्देशानुसार, सभी कार्यक्रमों में विभिन्न क्षेत्रों में ख्यातिनाम महिलाएं ही बतौर अतिथि मंचासीन होंगी। मुख्य समारोह में ओलम्पिक प्रतिभागी बेटियों की खास मौजूदगी हो सकती हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं भी सम्मान
इस मौके पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से वंचित 1.5 लाख बेटियों को और निराश्रित महिला पेंशन योजना की पात्र 1.73 लाख नई लाभार्थी महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा। मुख्य समारोह और जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में कोविड काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा, करीब 1300 थानों में पिंक टॉयलेट निर्माण, नवनिर्मित ग्राम सचिवालयों में मिशन शक्ति हेल्प डेस्क, महिला पुलिसकर्मियों के खाली पदों पर भर्ती जैसी उपहार मिलने की भी संभावना है। कार्यक्रम में करीब एक करोड़ महिलाओं-बेटियों की सहभागिता कराने की तैयारी है।

