- डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था प्रश्नपत्र, 50-50 हजार रुपये में बेचा
मेरठ। यूपीटीईटी का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में सोमवार देर रात को एसटीएफ ने बागपत में छापा मारकर आरोपी राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारी होने की संभावना जाहिर की जा रही है।
Read also: यूपी टीईटी 2021 का प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा रद्द
एसटीएफ मेरठ के डीएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि राहुल चौधरी से की गई पूछताछ में उसने शामली के रवि मनीष और धर्मेंद्र से बेलापुर में डेढ़ लाख रुपए में यूपीटीईटी का प्रश्न पत्र खरीदने की बात स्वीकार की है। राहुल चौधरी ने इस पेपर को शामली बागपत और अन्य जिलों में 50-50 हजार रुपये में बेचकर मोटी रकम कमाई है। राहुल चौधरी का पूरा गिरोह यूपी पुलिस की एसआई की लिखित परीक्षा में साॅल्वर (प्रश्न पत्र हल कराने वाले) बैठाने का प्रयास कर रहा था। वहीं परीक्षा सेंटर के ऑनलाइन सिस्टम को हैक करने की भी कोशिश इस गिरोह ने की थी। लेकिन सेंधमारी में कामयाब न होने पर उन्होंने यूपीटीईटी का पेपर बेचना शुरू कर दिया। राहुल चौधरी के पास से टीईटी प्रश्नपत्र का सेट और यूपी पुलिस के 4 कैंडिडेट के एडमिट कार्ड भी मिले हैं।
Read also: पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, एनएसए लगाएंगे: योगी
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि इस गिरोह में कई जिलों के लोग जुड़े हुए हैं। ऐसे में गौरतलब है कि इस मामले में यूपी एसटीएफ की 8 टीमों ने शामली, चित्रकूट, बनारस, लखनऊ, गोरखपुर, आगरा, प्रयागराज, मथुरा में दबिश देकर 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बृजेश सिंह के अनुसार राहुल ने अपने फुफेरे भाई बलराम के साथ मिलकर पूरा गिरोह तैयार किया था। इन्होंने मेाठ के कंकरखेड़ा में राधेश्याम सेंटर के पास एक लैब भी ली थी जहां से वह यूपी पुलिस की एसआई की लिखित परीक्षा के लिये ऑनलाइन सिस्टम को हैक करने की कोशिश कर रहे थे।

