नोएडा। जिस बहन के हाथों से अपनी कलाई पर राखी बंधवाता था, उसी बहन के सीने में 4 गोलियां मार कर उसकी हत्या कर दी। बहन का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने भाई को नशे की लत से दूर करना चाहती थी। इसलिये वह उसे टोकती थी। लेकिन नशे की लत में कलयुगी भाई को बहन का टोकना इतना नागवार गुजरा कि उसने अपनी बहन के सीने मे गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। यह मामला है ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के कोतवाली बिसरख के रोजा जलालपुर गांव का है। हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी भाई को एक सूचना पर इटैहरा गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर, हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Read also: गया में छेड़छाड़ के विरोध करने पर 2 महिलाओं की हत्या
सूरज रस्तोगी को पुलिस ने अपनी बहन रूचि की ह्त्या के आरोप मे गिरफ्तार किया है। एडीसीपी इलामारन ने बताया कि रूचि रोजा जलालपुर गांव में अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। इसी मकान में रूचि का अविवाहित भाई सूरज रस्तोगी भी अपने परिवार के साथ रह रहा था। आरोपी इनवर्टर आदि की मरम्मत का काम करता था। आरोपी सूरज नशा करने और शराब पीने का आदी हो गया था। आरोपी रोजाना नशे में धुत हालत में घर पहुंचता था। उसकी बहन नशा और शराब का विरोध करती थी।
एडीसीपी ने बताया कि शुक्रवार रात भी सूरज नशे में धुत होकर घर लौटा तो रूचि ने फिर उसे शराब पीने पर टोका। इस पर आरोपी भड़क गया और उसने तमंचे से एक के बाद एक चार गोलियां अपनी बहन रूचि के सीने में मारकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। घायल रूचि को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
Read also: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों ने छुट्टी पर गये सीआरपीएफ जवान की हत्या की
कोतवाली बिसरख पुलिस सूरज रस्तोगी को को इटैहरा गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और कारतूस के साथ दो मैगजीन बरामद की है। आरोपी अलग-अलग तरह का नशा करता है। पुलिस पूछताछ में वह ये भी नहीं बता पाया कि वारदात के दौरान उसने किस-किस पदार्थ का नशा किया था। आरोपी को बहन की हत्या का भी अफसोस नहीं है।

