कानपूर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के सरैया गांव में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद इलाके में बवाल मचा गया, हालात बिगड़ता देख आसपास के ज़िलों की पुलिस फाॅर्स की तैनाती कर दी गयी, इसके साथ ही 9 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर मामले की जांच के आदेश दे दिए गए है. घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भी सरैया गाँव पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की.
6 दिसंबर को व्यापारी से हुई थी लूट
जानकारी के मुताबिक कानपूर देहात ज़िले के शिवली थाना क्षेत्र के सरैया गाँव में बीते 6 दिसंबर को एक व्यापारी से आधा दर्जन बदमाशों ने जेवरात और नकदी की लूट की थी, इस घटना की जांच के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया था. सोमवार को पुलिस ने व्यापारी के एक रिश्तेदार समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी. इसी पूछताछ के दौरान व्यापारी के रिश्तेदार जिसका नाम बलवंत सिंह बताया जा रहा है, उसकी तबियत अचानक इतनी बिगड़ी कि पुलिस को उसे लेकर अस्पताल जाना पड़ा. इसी बीच बलवंत के परिवार वालों को भी खबर लग गयी और वो भी अस्पताल पहुँच गए लेकिन उनके पहुँचने से पहले ही डॉक्टरों ने बलवंत को मृत घोषित कर दिया।
शव छीनकर भागे परिजन
अस्पताल पहुंचकर बलवंत के परिवार को जब उसके मरने की खबर पता चली तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और पोस्टमॉर्टेम हाउस से बलवंत का शव लेकर भाग गए. मृतक बलवंत के भाई ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया और कहा कि बलवंत को पुलिस ने मारा है. मामला बिगड़ता देख और इलाके में बढ़ते तनाव को ध्यान में रखते हुए फ़ौरन की आसपास के ज़िलों की पुलिस फाॅर्स को तलब कर लिया गया. वहीँ इस मामले में जांच होने तक शिवली कोतवाल राजेश सिंह, SOG प्रभारी प्रशांत गौतम, मैथा चौकी प्रभारी ज्ञान पांडेय समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. SP के मुताबिक मृतक बलवंत के परिजनों ने अभी कोई लिखित में शिकायत नहीं दर्ज कराई है.

