शामली। उत्तर प्रदेश में आज भारत जोड़ो यात्रा का तीसरा दिन पूरा हो गया। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा को युवाओं का भरपूर समर्थन मिला। तीसरे दिन की यात्रा सुबह 6 बजे शामली जिले के एलम से शुरु हुई। यात्रा के दौरान शामली जिले में लाखों लोगों का हुजूम राहुल गांधी के समर्थन में सड़कों पर उतरा। यह यात्रा लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करके पहले पहर में 10 बजे ऊंचागांव पहुंची। जहां पर यात्रियों के लंच इत्यादि की व्यवस्था की गई थी। दूसरे पहर में ऊंचागांव से आगे बढ़ते हुए कैराना के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर गई।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी हज़ारों लोगों से मुलाक़ात और बात करते बढ़ रहे थे। सड़कों के किनारे हजारों की संख्या में खड़े महिला, बुजुर्ग, बच्चे और युवाओं ने राहुल गांधी स्वागत किया और यात्रा का समर्थन किया। इनके अलावा कंधे पर रालोद का झंडा लिए रालोद नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्याओं में जगह-जगह जमा होकर यात्रा का स्वागत किया और समर्थन किया। इसके इलावा कई छोटे बड़े छेत्रीय दलों ने यात्रा में हिस्सा लिया और अपना समर्थन दिया।
गन्ना किसानों ने जगह-जगह खड़े होकर राहुल गांधी ज़िंदाबाद के नारे लगाए और यात्रा का समर्थन किया। इनके अतिरिक्त किसानों का कुछ समूह ट्रैक्टरों पर सवार होकर सड़क के दूसरी ओर से यात्रा के साथ साथ चलता नज़र आया। अभिनेत्री ऋतु सिंह पुरी समेत कई हस्तियां आज यात्रा में शामिल हुई।
यात्रा के दौरान लंच ब्रेक में राहुल गांधी की उपस्थिति में दो संवादों का आयोजन हुआ। पहला संवाद सामाजिक न्याय संवाद, जिसमें विभिन्न पिछड़ी जातियों एवम दलित नेताओं ने हिस्सा लिया। इस संवाद में ओबीसी आरक्षण को बढ़ाने और जातिगत जनगणना को लेकर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने संवाद के माध्यम से कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर आरक्षण लागू होना चाहिए। दूसरा संवाद युवा संवाद, जिसमें नई शिक्षा नीति, फीस वृद्धि, शिक्षा के बाजारीकरण को लेकर को लेकर चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का अंतिम दिन रहा। यात्रा आज हरियाणा में प्रवेश कर गई।

