गाजियाबाद। जिले में बदमाशों के हौसले खासे बुलंद हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद भी बदमाश बेखौफ मंसूबों में कामयाब हो रहे हैं।इसकी बानगी बदमाशों ने एक बार फिर उस वक्त दी।जब बदमाशों ने दिनदहाड़े नंद ग्राम थाना क्षेत्र के नूर नगर स्थित पीएनबी (PNB) में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। डकैतों ने बैंक के कैशियर से हथियारों के बल पर 12 लाख रुपए लूट लिए। आश्चर्य की बात यह है कि जिस वक्त बैंक के अंदर घुसकर बदमाशों ने इस बड़ी डकैती को अंजाम दिया उस दौरान बैंक के अंदर कोई गार्ड मौजूद नहीं था।उधर दिनदहाड़े हुई डकैती के बाद जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पहले भी पेट्रोल पंप कर्मचारी से 25 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया गया था।जिसकी गाज गाजियाबाद के कप्तान पर गिरी थी। कप्तान के सस्पेंशन के बाद अब दिनदहाड़े फिर से बदमाशों ने बैंक में घुसकर इस बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया है।
Read also: कर्ज धोखाधड़ी के मामले में पीएनबी के दो अधिकारियों, पांच अन्य को जेल की सजा
मिली जानकारी के अनुसार थाना नंद ग्राम क्षेत्र के नूर नगर इलाके में पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा है।जहां दोपहर करीब 1:30 पर दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाश बैंक की शाखा में पहुंचे और सीधे कैशियर के काउंटर पर गए।जहां पर बदमाशों ने कैशियर पर पिस्टल तान दी और कैशियर के पास मौजूद 12 लाख रुपए लूट कर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चारों बदमाश हथियारों से लैस थे और कैशियर के अलावा अन्य बैंक कर्मियों को भी बदमाशों ने शांत बैठे रहने के लिए कहा और उन्हें भी धमकी देते हुए फरार हो गए।आश्चर्य की बात यह है कि पंजाब नेशनल बैंक की इस शाखा में पिछले काफी समय से कोई सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं है।जिसका परिणाम यह निकला है कि आज बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दे डाला।
हालांकि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है ।फिलहाल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर मौके पर पुलिस पहुंची। इतना ही नहीं खुद आईजी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।फिलहाल इस लूट के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है और आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है।पुलिस का दावा है जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आपको बताते चलें कि गाजियाबाद में एकाएक अपराधिक मामलों में इजाफा हुआ है।इससे पहले भी दिनदहाड़े बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप कर्मी से 25 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया था। जिसकी गूंज लखनऊ तक जा पहुंची और आखिरकार इसकी गाज गाजियाबाद के एसएसपी पवन कुमार पर जा गिरी। लेकिन आज फिर बदमाशों ने उसी अंदाज में बैंक के अंदर ही हथियारों के बल पर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस लूट के बाद से पूरे जिले की पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
Read also: पटना में 1,000 रुपये की रंगदारी न देने पर व्यापारी की हत्या, बेटा घायल
उधर इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही खुद आईजी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे उन्होंने पूरी स्थिति का जायजा लिया और हर एंगल से जांच शुरू करा दी गई उन्होंने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाएगा कि कितना कैश लूटा गया है।लेकिन शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाशों ने करीब 8 लाख रुपये लूटे हैं। फिर भी अभी गहनता से जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में यह भी पाया गया कि आरबीआई की गाइडलाइन के मुताबिक बैंक शाखा के अंदर सिक्योरिटी सिस्टम सही नहीं है।

