विधान परिषद् में आज बजट पर अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था, संगठित अपराध के साथ पैरलल सरकार चलती थी. बहन बेटियों को सुरक्षा का खतरा था, यूपी का नौजवान प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने से कतराता था लेकिन आज प्रदेश का नौजवान गर्व से कहता है कि वो उत्तर प्रदेश से हैं.
6 वर्ष मे यूपी की पहचान बदली
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर बजट को एक थीम के साथ जोड़ा गया, आज 6 वर्ष मे यूपी की पहचान बदली है. इसकी झलक पिछले दिनों मे हुए कार्यक्रमों मे देखने को मिली है. मुख्यमंत्री ने कहा आज गाँव गरीब तक सरकार की योजनाएं पहुंची है. आज प्रदेश में एंटी भू माफिया टास्क फोर्स का गठन किया गया है, आज हमारे पास भारी भरकम लैंड बैंक मौजूद है, मुख्यमंत्री ने कहा, हमने सेक्टोरियल पॉलिसी बनाई है, प्रदेश का बजट विगत 6 वर्षों में दोगुने से अधिक बढ़ा है, वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट ₹6.90 लाख करोड़ से अधिक का प्रस्तुत किया गया है, यह उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का विस्तार बताता है.
बदला हुआ उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश मे ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का ज़िक्र करते हुए कहा कि पहले इन्वेस्टर समिट प्रदेश के बाहर दिल्ली, मुंबई मे होते थे, लेकिन हमने 2018, 2022 मे इन्वेस्टर समिट करके दिखा दिया कि यूपी में भी इन्वेस्टर समिट सफलता से आयोजित हो सकते हैं, उन्होंने कहा कि 33 लाख के निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र के लिए आये, इन्वेस्टर सम्मिट के लिए टीम यूपी लगातार काम करती रही, आज बेहतर लॉ & ऑर्डर है,बेहतर कनेक्टिविटी है जिससे निवेशक आकर्षित हो रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा आज एक बदला हुआ उत्तर प्रदेश, एक नया उत्तर प्रदेश जिस गति के साथ आगे बढ़ा है वह आम जनमानस के मन में एक नया विश्वास पैदा करता है.

