बुलंदशहर। यूपी चुनावी दंगल 2022 – विधानसभा चुनाव में सियासी दलों के इलैक्शन वॉर रूम से अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं को लुभाने को हर रोज नए-नए दांव चलाए जा रहे हैं। भाजपा, कांग्रेस, सपा-रालोद, बसपा, आप सहित अन्य दल और निर्दलीय प्रत्याशियों के वॉर रूम से सियासी लड़ाई लड़ी जा रही है। सोशल मीडिया का सहारा लेकर वॉर रूम से सियासी तीर छोड़े जा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के गंगा नगर स्थित जिला कार्यालय पर वॉर रूम बना हुआ है। वहां से पार्टी के आला नेताओं के भाषण की वीडियो करीब 200 से अधिक व्हाटसएप ग्रुप, फेसबुक अकाउंट, इंस्टाग्राम टवीटर पर डाली जा रही हैं। इसमें नए-नए नारे, पार्टी की घोषणा के साथ गाने भी अपलोड हो रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने बताया कि आईटी टीम पूरी सक्रियता से चुनाव प्रचार कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता लोगों के घर भी जा रहे है। साथ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेताओं के भाषणों को भी सोशल मीडिया पर लगातार डाल रहे है। इसचुनाव में पार्टी कार्यकर्ता सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
सपा ने बनाई है सोशल मीडिया पर टीम
समाजवादी पार्टी ने भी सोशल मीडिया की टीम बना रखी है। नई हवा, नई सपा के नारे के साथ अखिलेश यादव के भाषण को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल किया जा रहा है। सपा जिलाध्यक्ष राहुल यादव ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए आईटी की टीम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पर सक्रिय है।
बसपा समतामूलक समाज का कर रही प्रचार
बहुजन समाज पार्टी की आईटी टीम चुनाव प्रचार में सक्रिय होकर कार्य कर रही है। जिलाध्यक्ष कमल राजन ने बताया कि पार्टी की नीतियों का प्रचार कर बसपा को वोट देने की अपील की जा रही है। पोस्टर बैनर बनाकर बसपा की सरकारों में हुए कामों को गिनाया जा रहा है। युवाओं से अपील की जा रही है कि वो इन मुद्दों को आगे बढ़ाएं।
कांग्रेस भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो रही है। आईटी टीम के सदस्य प्रियंका गांधी के भाषण को खूब फैला रहे हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश भाटी ने बताया कि आईटी की प्रत्येक विधानसभा पर टीम कार्य कर रही है।
सोशल साइट पर एक्टिव है रालोद
राष्ट्रीय लोकदल की टीम सोशल साइट पर जमकर सक्रिय है। जिलाध्यक्ष अरुण चौधरी और जिला संयोजक डा.कुंवरवीर सिंह ने बताया कि युवाओं की टीम प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार कर रही है।
Read also: गोवा: आम आदमी पार्टी ने अमित पालेकर को बनाया मुख्यमंत्री पद का चेहरा
आम आदमी पार्टी फ्री बिजली को बना रही मुद्दा
आम आदमी पार्टी वॉर रूम बनाकर पूरी प्लानिंग के साथ चुनाव प्रचार कर रही है। बिजली फ्री, बेहतर शिक्षा के स्लोगन के साथ आप की टीम प्रचार में लगी है। जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि आईटी की टीम रोज प्रचार को हवा दे रही है।

