लखनऊ। प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Election 2022) के अंतिम चरण यानी सातवें चरण में वाराणसी में एक बजे तक 33.55 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं में अब मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं कुछ स्थानों पर तो मतदान के लिए मतदाता नाव से मतदान केंद्र तक पहुंचे और अपने मतों का प्रयोग किया। इस समय वाराणसी के विधानसभा चुनाव पर प्रदेश ही नहीं देश और दुनिया की भी नजर है। प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) का संसदीय क्षेत्र होने के कारण यहां पर भाजपा ने अपनी पूरी तैयारी के साथ ताकत झोंकी है। भाजपा के लिए वाराणसी की जीत बहुत महत्वपूर्ण मायने रखती है। जिले की आठो विधानसभा सीटों पर आज 30 लाख 29 हजार 215 मतदाता 70 प्रत्याशियों के भाग्य को ईवीएम में बंद कर रहे है। विधानसभा चुनाव में 18—19 साल के 34550 मतदाता पहली बार अपने मत का उपयोग कर रहे हैं। वहीं 26,415 मतदाता दिव्यांग हैं। जिले में वाराणसी उत्तरी, वाराणसी कैंट, वाराणसी दक्षिणी, रोहनिया,अजगरा,पिंडरा,सेवापुरी और शिवपुर विधानसभा के लिए वोट डाले जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव के इस सातवें और अंतिम चरण में वाराणसी पर सभी की नजर है।
Read also: UP Chunav 2022: पीएम मोदी के गढ़ में ईवीएम की खराबी से मतदान की गति धीमी,नौ बजे तक 8.93 फीसद
वाराणसी में दोपहर एक बजे तक 33.55 मतदान हुआ। जिसमें से पिण्डरा विधानसभा पर 34.2 प्रतिशत, अजगरा 33.78 प्रतिशत, शिवपुर सीट पर 34.8 प्रतिशत,रोहनिया विस में 34.5 प्रतिशत,वाराणसी उत्तरी विधानसभा सीट पर 34.9 प्रतिशत, वाराणसी दक्षिणी सीट पर 32.20. प्रतिशत, कैण्ट पर 29.6 फीसद और सेवापुरी में 35 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

