लखनऊ। देवरिया में भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट के आरोप में सपा प्रत्याशी सहित 8 लोगों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट भाजपा नेता (BJP leader) की तहरीर पर दर्ज की गई है। थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि गत शुक्रवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह और उनके आठ नामजद समर्थक और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के करमाजीतपुर गांव पगरा टोले के पास हुई मारपीट के मामले में केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि सपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया और लाइसेंसी पिस्टल भी लूट ली।
जिला गोरखपुर के गोरखनाथ राजेंद्र नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष ओझा (BJP worker Ashutosh Ojha) ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि मतदान से पूर्व देर रात वह भाजपाइयों के साथ गौरी बाजार क्षेत्र के गांव करमाजीतपुर पगरा टोला गए थे। जहां पर सपा समर्थकों ने उनको बुरा—भला कहना शुरू किया। इसका विरोध किया तो सपा समर्थकों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद सपा समर्थकों ने भाजपा नेताओं पर जानलेवा हमला कर दिया। सपा समर्थकों ने भाजपा नेताओं को दौड़ाकर पीटा। जिसमें उनको काफी चोटें आई हैं। मारपीट के बाद जान से माने की धमकी देते हुए उनकी लाइसेंसी पिस्टल लूट ली। पुलिस ने देवरिया विधानसभा के सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह, उनके बड़े भाई श्रीप्रकाश, पिंटू यादव, हर्ष शर्मा सहित आठ लोगों को नामजद किया है। जबकि तीन अज्ञात में हैं। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

