इन दिनों UP Board की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कापियों का मुल्यांकन कार्य चल रहा है, जहाँ परीक्षकों को अजीबोगरीब कापियां देखने को मिल रही हैं। वहीं इन कापियों को देखने के बाद परीक्षकों को हंसी भी आ रही है तो कुछ कापियां देख उन्हें छात्रों का दर्द भी पता चल रहा है।
जानकारी के अनुसार यह वाकया रामपुर जिले में सामने आया है, जहाँ परीक्षा केंद्र में चार से पाँच कापियाँ ऐसी निकली हैं, जिनमें सिर्फ सीताराम सीताराम लिखा गया है, साथ ही अंत में पास करने की मनुहार भी लगाई गयी है। इसके साथ ही भूगोल की कॉपियों में कई छात्रों ने प्रश्नों के उत्तर के बजाय निबंध छाप डाले हैं। दूसरी तरफ इस बार UP Board में ऐसा नियम बनाया गया है कि कोर्स के बाहर से आये प्रश्नों के लिये छात्रों को पूरे अंक दिये जायेंगे, साथ ही अच्छी लेखनी पर एक नंबर अतिरिक्त देने का नियम है। इस तरह से इन छात्रों को यह नंबर आसानी से मिलते दिखाई दे रहें हैं।
इसके साथ ही जनपद रामपुर में मिली एक कॉपी में फेल होने पर शादी टूटने की बात कही गयी है, उसमें छात्र ने लिखा है कि गुरुजी मुझे पास कर देना, नहीं अगर फेल हो गया तो मेरी शादी टूट जायेगी। आगे छात्र ने लिखा है कि लड़की वालों ने शर्त रखते हुये कहा है कि लड़का कम से कम इंटर पास होना चाहिये, अगर मैं इंटर में फेल हो गया तो मेरी शादी टूटनी तय है, इस वजह से मुझे गुरुजी पास कर दीजिएगा।
वहीं एक छात्र ने अपनी परेशानी लिखते हुये कहा है कि उसे नहीं पता था कि इस बार परीक्षा होगी, कोरोना को देखते हुये उसने फॉर्म भर दिया था जिससे वह प्रमोट होकर अगली कक्षा में चला जायेगा। लेकिन अब परीक्षा आ गयी तो उसने एक भी पढ़ाई नहीं कि है, इस वजह से गुरुजी पास कर देना। ठीक इसी तरह कई कॉपियों में गरीबी, बीमारी, शादी कराने आदि जैसे कई कारण दिये गये हैं और पास करने की मनुहार लगाई गयी है।

