नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बंगाल के विभिन्न इलाकों में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं. अब पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पंचखुंडी गांव में केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन की कार पर कथित तौर से हमले किए गए हैं. हालांकि केंद्रीय मंत्री को चोट नहीं आई है, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हुई है.
बता दें कि वी मुरलीधरन बीजेपी के नेताओं की केंद्रीय टीम के सदस्य थे, जो पश्चिम मेदिनीपुर में हिंसा से पीड़ित कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने गए थे. मुरलीधरन में पश्चिम मेदिनीपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लौट रहे थे. उसी समय उनकी कार पर कुछ स्थानीय लोगों ने हमला बोल दिया. इसमें उनकी कार क्षतिग्रस्त हुई है. हालांकि उन्हें चोट नहीं आई है. बीजेपी नेताओं का आरोप है कि टीएमसी समर्थित गुंडों ने मंत्री की कार पर हमला किया है.

