शिव पुराण में भगवान शिव से जुड़े कई रहस्य बताए गए हैं। सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव की पूजा करने से व्यक्ति के जीवन की सभी परेशानियां खत्म हो जाती हैं। अगर कोई व्यक्ति आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा है तो सावन के महीने में कुछ आसान उपाय करके उसे राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं धन प्राप्ति के लिए शिवपुराण में बताए गए कुछ आसान उपाय-
शिवलिंग पर हरसिंगार के फूल चढ़ाएं
ऐसा माना जाता है कि हरसिंगार के फूल की उत्पत्ति समुद्र मंथन के दौरान हुई थी। तब यह देवताओं को मिला। शिव पुराण में कहा गया है कि भगवान शिव की पूजा में हरसिंगार के फूल का उपयोग करना बहुत ही शुभ फल देने वाला होता है। हरसिंगार या पारिजात के फूलों से भगवान शिव की पूजा करने से हर तरह की सुख-समृद्धि मिलेगी।
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाएं
शिवपुराण में बताया गया है कि अगर किसी व्यक्ति की मनोकामना पूरी नहीं हो रही हो तो उसे सावन के महीने में भगवान शिव को एक लाख बेलपत्र चढ़ाने चाहिए। इस उपाय को करने से व्यक्ति की मनोकामना पूरी होती है। ऐसे शिव भक्त को संसार के सभी भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है।
शिवलिंग पर साबूत अक्षत चढ़ाएं
शिवपुराण में बताया गया है कि अगर कोई व्यक्ति आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा है तो नियमित रूप से शिव जी को अखंडित कच्चे चावल यानी अक्षत चढ़ाने से धन की प्राप्ति होती है। बस इस बात का ध्यान रखें कि चावल टूटे हुए नहीं होने चाहिए.
मूंग की दाल से शिवलिंग का अभिषेक करें
शिवपुराण में बताया गया है कि सावन के महीने में भगवान शिव का मूंग से अभिषेक करना चाहिए। इसके लिए रात के समय मूंग को पानी में भिगो दें और फिर अगले दिन इसे भगवान शिव को अर्पित करें। ऐसा करने से व्यक्ति की दरिद्रता दूर हो जाती है।
घी से शिवलिंग का अभिषेक करें
शिवपुराण के अनुसार जो व्यक्ति भगवान शिव का घी से अभिषेक करता है, ऐसे व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा रहता है। अगर कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित है तो उन्हें शिवलिंग का घी से अभिषेक करना चाहिए। घी से शिवलिंग का अभिषेक करने से व्यक्ति बलवान और निरोगी बनता है तथा उसे सभी सुखों की प्राप्ति होती है।

