मेरठ। मेरठ-बागपत हाईवे 334 बी पर अब चार पहिया वाहन चालकों के लिए सफर करना महंगा हो गया है। आज बुधवार सुबह से बालैनी के समीप बने टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल कटना शुरू हो गया। सबसे कम टोल 40 रुपये और सबसे अधिक टोल 225 रुपये तय किया गया है। बता दे कि 19 फरवरी 2019 को बालैनी में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 371 करोड़ की लगात से 43.71 किलोमीटर बनने वाले मेरठ-बागपत हाइवे 334 बी का शिलान्यास किया था। जिसके बाद साल 2020 में हाइवे बनने का काम शुरू हुआ था। लेकिन कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाउन की वजह से हाईवे बनने में काफी देरी हुई। कुछ दिन पहले हाईवे बनाने वाली कंपनी ने कार्य पूरा होने के बाद हाइवे को एनएचएआई के हवाले कर दिया था। उसके बाद से ही बालैनी के समीप बने टोल प्लाजा के जल्द शुरू होने की संभावनाएं जताई जा रही थीं।
टोल का ठेका लेने वाली वीकेम कंपनी ने आज बुधवार सुबह से टोल शुरू कर दिया। जिससे अब हाइवे पर चलने वालों का सफर महंगा हो गया। वाहन चालकों को अब टोल कटवाकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होना होगा। सबसे कम टोल 40 रुपये कार का और सबसे अधिक टोल बड़े वाहन का 225 रुपये तय किया गया है। बालैनी टोल प्लाजा के समीप से हबीबपुर नंगला गांव जाने वाले रास्ते पर टोल कंपनी ने बैरियर लगाया है। जिसके कारण वहां से निकलकर जा रहे वाहन चालकों से दिनभर टोलकर्मियों की गरमागरमी होती रही।

