Site icon Buziness Bytes Hindi

Shahjahanpur: पुल से गिरी ट्रैक्टर-ट्राली, 11 श्रद्धालुओं की मौत, 30 घायल

road accident

शाहजहांपुर। तिलहर-निगोही मार्ग पर बिरसिंगपुर गांव के पास कलश यात्रा के लिए जल भरने गर्रा नदी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली रेलिंग तोड़कर पुल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद घायलों को तिलहर सीएचसी लाया गया, जहां 11 श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया। 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 27 को रेफर किया गया है। हादसे के दौरान ट्रैक्टर से कूदकर चालक भाग गया। सूचना पर एडीजी पीसी मीना मौके पर पहुंच गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

भागवत कथा के आयेाजन में कलश भरने जा रहे थे श्रद्धालुगण

ददरौल क्षेत्र के अजमतपुर सुनौरा गांव के रहने वाले आकाश तिवारी ने यहां भागवत कथा का आयोजन किया था। कथा शुरू होने से पहले शनिवार को दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों में करीब 100 श्रद्धालु गर्रा नदी से कलश में जल भरने के लिए जा रहे थे। एक ट्रैक्टर ट्रॉली गांव का सुबोध तिवारी और दूसरी ट्रैक्टर ट्रॉली सौरभ सिंह उर्फ गौरव चला रहा था।

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

दोपहर करीब ढाई बजे आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में सौरभ ने रफ्तार तेज की तो ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नीचे जा गिरी। हादसे से पहले ही चालक सौरभ ट्रैक्टर से कूदकर भाग गया। साथ में चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली सवार लोगों ने घायलों को संभालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को तिलहर सीएचसी भिजवाया।

सीएचसी में डॉक्टर ने 11 लोगों को मृत घोषित कर दिया। 30 घायलों में से 27 को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेमचंद्र मीना, आईजी डॉ. राकेश, डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी एस. आनंद आदि अधिकारी सीएचसी पहुंचे। डीएम ने बताया कि मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की जा रही है। घायलों के समुचित इलाज के लिए प्रबंध किए गए हैं।

Exit mobile version