हॉलीवुड सीरीज की फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल – डेड रेकनिंग पार्ट वन’ बुधवार 12 जुलाई को रिलीज हो गया है। टॉम क्रूज की इस फिल्म को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर खूब प्यार मिलता नजर आ रहा है. क्रिस्टोफर मैकक्वेरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने पहले ही दिन धमाल मचा दिया है, इससे साफ है कि फिल्म लंबी पारी खेलने के लिए तैयार है. उम्मीद की जा रही थी कि फिल्म पहले दिन पूरे भारत में करीब 10 करोड़ की कमाई करेगी. हालांकि उम्मीदों से परे इस फिल्म ने पहले ही दिन छप्पर फाड़ कमाई की है.
मिशन इम्पॉसिबल – डेड रेकनिंग पार्ट वन डे 1: बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शेयरिंग साइट sacnilk ने इस फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन जारी कर दिया है। इस रिपोर्ट में बताया गया है फिल्म मिशन इम्पॉसिबल- डेड रेकनिंग पार्ट वन 1 ने भारत में पहले ही दिन सभी भाषाओं में 12.50 करोड़ की कमाई की है. हालाँकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और दोपहर बाद आपको इस संख्या में कुछ और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। आपको बता दें कि ‘मिशन इम्पॉसिबल 7’ को 2D, 4DX, IMAX 2D और ICE में रिलीज किया गया है और लोग इसे हिंदी और अंग्रेजी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी देख सकते हैं।
एथन हंट के पास अपना जादू चलाने का भरपूर मौका है
टॉम क्रूज की फिल्म के भारतीय फैंस के बीच क्रेज का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि फिल्म वीक डेज के ठीक बीच में बुधवार को रिलीज हुई है. इसके बावजूद इस फिल्म ने इतनी धमाकेदार कमाई की है कि हाल के दिनों में कई बड़े बॉलीवुड स्टार्स की फिल्में वीकेंड पर भी कमाई नहीं कर पाईं. तो यह निश्चित है कि एथन हंट सप्ताहांत में अपना जादू चलाएगा। मजेदार बात ये है कि इस बीच कोई बड़ी बॉलीवुड फिल्म भी टक्कर के लिए मौजूद नहीं है. जहां सत्यप्रेम की कहानी अभी से दम तोड़ती दिख रही है, वहीं ‘गदर 2’ और ‘ओह माय गॉड 2’ 11 अगस्त को रिलीज होने जा रही हैं। ऐसे में फिलहाल इस फिल्म के पास अभी बहुत टाइम है अपना जादू बिखेरने का ।
रात के शो में सबसे ज्यादा दर्शक पहुंचे
सिनेमाघरों में ‘MI7’ की पहले दिन की ऑक्यूपेंसी की बात करें तो अंग्रेजी में इसकी ऑक्यूपेंसी 23.00% रही है। जहां सुबह के शो में 16.07%, दोपहर के शो में 17.34%, शाम के शो में 23.86%, रात के शो में सबसे ज्यादा 34.73% की ऑक्यूपेंसी देखी गई।
‘MI7’ हाल की फिल्मों से कहीं आगे है
इस फिल्म की तुलना हाल ही में रिलीज हुई अन्य हॉलीवुड फिल्मों से करें तो ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ सीरीज ‘फास्ट एक्स’ को छोड़कर बाकी फिल्मों से काफी आगे निकल गई है। आपको बता दें कि गुरुवार को रिलीज हुई फास्ट एक्स ने भी पहले दिन 12.50 करोड़ की कमाई की थी. इसके अलावा अगर ट्रांसफॉर्मर्स: राइज ऑफ द बीस्ट की बात करें तो इसने पहले दिन गुरुवार को सिर्फ 4.20 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं, गुरुवार को ही रिलीज हुई स्पाइडर-मैन: अक्रॉस द स्पाइडर-वर्स ने भी 4.20 करोड़ रुपये कमाए। इन सभी हॉलीवुड फिल्मों की तुलना में टॉम क्रूज की ये फिल्म हंगामा मचाने वाली साबित हो रही है।
‘मिशन इम्पॉसिबल 7’ की कहानी
इस फिल्म में टॉम क्रूज के अलावा हेले एटवेल, रेबेका फर्ग्यूसन, पाम क्लेमेंटिएफ, वैनेसा किर्बी, साइमन पेग, विंग रेम्स मुख्य भूमिका में हैं। इस बार, एथन हंट के रूप में टॉम क्रूज़ खतरनाक हथियारों को गलत हाथों में जाने से बचाने के मिशन पर हैं। दरअसल इस बार उनका सामना दुष्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से है और एथन को उनसे अपने हथियार बचाने हैं। टॉम क्रूज एक बार फिर अपने कातिलाना स्टंट, एक्शन और रोमांच से दुनिया भर में प्रशंसकों का दिल जीतने की राह पर हैं।

