ब्रिटेन से लौटे 12 लोगों की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट का इंतजार
विदेश से आने वालो की जानकारी हासिल कर रहा स्वास्थ विभाग
मेरठ। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सर्तकता बरत रहा है। वहीं ब्रिटेन और यूरोपियन देशों में सामने आये कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन के कारण संभावित खतरे से निपटने के लिये भी प्रशासन पूरी तरह तैयार है। विदेश से लौटने वाले लोगों की निगरानी के साथ उन्हें अगले 28 दिन के सर्विलांस पर रखा जायेगा।
हाल में मेरठ निवासी 12 लोग ब्रिटेन से लौटे हैं और उनका एंटीजन टेस्ट करा लिया गया है। रिपोर्ट नेगेटिव आई है पर प्रशासन ने अतिरिक्त सर्तकता बरतते हुए आरटीपीसीआर जांच कराई है।
यूनाइटेड किंगडम और अन्य यूरोपियन देशों में पाये गये कोविड वायरस के नए स्ट्रेन का प्रसार भारत में रोकने के लिये विदेशों से आने वाले लोगोें पर खास निगाह रखी जा रही है। मेरठ में स्वास्थ्य विभाग को ब्रिटेन से लौटने वाले 12 लोगों की सूची मिलने के बाद विभाग ने उनको ट्रैस कर उनकी एंटीजन जांच कराई जो नेगेटिव आई।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन लोगो के आरटी पीसीआर जांच के लिए सैंपल भेजे हैं। यह 23 नवंबर से आठ दिसंबर के बीच ब्रिटेन से मेरठ वापस आए हैं। इन 12 लोगों में से 10 लोग मेरठ में ही मिल गये और एक देहरादून और एक रोहतक चले गये थे। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के अनुसार सभी लोगों को 28 दिनों तक सर्विलांस पर रखा जायेगा।
स्वास्थ्य विभाग को दें विदेश से लौटे व्यक्ति की सूचना
कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन को फैलने से रोकने के लिये स्वास्थ्य विभाग हर संभव कदम उठा रहा है। इसके अन्र्तगत विभाग ने विदेश से लौटने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की गयी है कि यदि उनकी जानकारी में कोई व्यक्ति विदेश से लौटा हो तो इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के दूरभाष संख्या 0121-2668470 व 0121-2660820 और 9454419075 पर उसकी सूचना दें।
विभाग ने विदेश से आने वाले लोगों को दो समूह में बांटा है। पहला समूह आठ दिसंबर से पहले लौटने वाले यात्रियों का है और दूसरा समूह 9 दिसंबर के बाद भारत आने वाले यात्रियों का है। सीएमओ डा. अखिलेश मोहन के अनुसार विदेश से लौटने वाले यात्रियों को 28 दिन के सर्विलांस पर रखा जाएगा।

