इंग्लैंड की बैज़बाल थ्योरी का ऐसे देगी टीम इंडिया जवाब

फीचर्डइंग्लैंड की बैज़बाल थ्योरी का ऐसे देगी टीम इंडिया जवाब

Date:

भारत के एक लम्बे दौरे पर इंग्लैंड की टीम इस वक्त हैदराबाद में मौजूद है जहाँ पांच मैचों की टेस्ट श्रंखला का पहला टेस्ट 25 जनवरी से खेला जाना है. न्यूज़ीलैण्ड के ब्रैंडम मॅक्कुलम जबसे इंग्लैंड की टीम के कोच बने हैं तब से इंग्लैंड के खेल में एक आक्रामकता आ गयी है. ये आक्रामकता हर फॉर्मेट में नज़र आती है , फिर वो चाहे सफ़ेद बॉल क्रिकेट हो या फिर लाल गेंद की क्रिकेट, इंग्लैंड का आक्रामक रवय्या हर जगह नज़र आता है, इंग्लैंड के इस नए अंदाज़ को बेज़बाल थ्योरी कहा जाता है क्योंकि मॅक्कुलम का निक नाम बैज़ है. अब टेस्ट श्रंखला शुरू होने से पहले टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ का इस पर एक कमेंट आया है।

भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि इंग्लैंड के क्रिकेटर चाहे बैजबॉल खेलें या कुछ और लेकिन भारतीय टीम अपने अंदाज़ को नहीं बदलेगी। द्रविड़ ने कहा कि हमारे खिलाड़ी वैसे भी आक्रामक क्रिकेट ही खेलते हैं और हालात के मुताबिक अपने खेल का टेम्पो बदलते रहते हैं. राहुल द्रविड़ ने कहा कि उनकी टीम जिस तरह का क्रिकेट खेलती आ रही है उसमें बिल्कुल भी बदलाव नहीं करेगी. हमारे बल्लेबाजों का मकसद ज्यादा से ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकना और गेंदबाज़ों का मकसद जल्द से जल्द सामने वाले के 20 विकेट आउट करना होगा। हालाँकि द्रविड़ ने इंग्लैंड की ताकत को कम नहीं समझा है, द्रविड़ ने कहा कि इंग्लैंड ने पाकिस्तान को उसके घर में जाकर 3-0 से धोया है. न्यूजीलैंड में भी उसे कामयाबी मिली और एशेज सीरीज भी काफी दिलचस्प रही. लेकिन भारत के हालात थोड़े अलग हैं, यहाँ के टर्निंग ट्रैक इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए मुसीबत साबित होंगे. द्रविड़ ने साथ ही संकेत दे दिया कि इंग्लैंड को किस तरह की पिचों पर टेस्ट मैच खेलना है.

बता दें कि 2021 में इंग्लैंड की टीम जब भारत दौरे पर आई थी तब उसे पहले ही टेस्ट में कामयाबी मिल गयी थी लेकिन उसके बाद लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था. पिछली सीरीज में इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अश्विन और अक्षर पटेल का कहर टूटा था. पटेल ने 3 मैचों में 27 विकेट चटकाए थे वहीँ अश्विन ने 4 मैचों में 32 विकेट हासिल किये थे. अब एकबार फिर इन दोनों स्पिनर्स का इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को सामना करना है, देखना है कि इसबार किस तैयारी से आये हैं.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related