एक रिपोर्ट के मुताबिक हमारे देश में हर साल 15 लाख छात्र इंजीनियरिंग से ग्रेजुएशन करते हैं। इनमें से लाखों इंजीनियरिंग युवा सरकारी नौकरी पाने की चाहत रखते हैं। ऐसे युवाओं के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर के पदों पर हर साल भर्तियां निकाली जाती हैं। अगर आप भी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में इंजीनियर के पद पर सरकारी नौकरी चाहते हैं और इंजीनियर बनने की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानना चाहते हैं तो यह लेख आपके लिए उपयोगी है। आप यहां से PWD इंजीनियर बनने के लिए योग्यता से लेकर चयन प्रक्रिया तक की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
एसएससी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में इंजीनियर पदों की भर्ती करता है
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग जिसे आम तौर पर सीपीडब्ल्यूडी के नाम से जाना जाता है, केंद्र सरकार के अधीन काम करता है। सीपीडब्ल्यूडी हर साल जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती करता है। भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की जिम्मेदारी कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की है। इस साल एसएससी जूनियर इंजीनियर (सिविल मैकेनिकल इलेक्ट्रिकल और क्वांटिटी) के पदों पर भर्ती करने जा रहा है।
PWD इंजीनियर बनने के लिए योग्यता क्या है?
जो उम्मीदवार केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर बनना चाहते हैं और एसएससी जेई भर्ती में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से सिविल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक होना चाहिए। इसके अलावा यदि उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में तीन साल का डिप्लोमा के साथ दो साल का कार्य अनुभव है तो वे भी आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 30/32 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को ऊपरी आयु सीमा में कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
यह है PWD इंजीनियर के लिए चयन प्रक्रिया
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर बनने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले पेपर-I (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) में भाग लेना होता है। सीबीटी के बाद उम्मीदवारों को पेपर-2 की लिखित परीक्षा देनी होगी। पेपर 1 और पेपर 2 में सफल होने के लिए अनारक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 25 प्रतिशत और एससी/एसटी वर्ग के लिए 20 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। दोनों पेपर में सफल होने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया को पास करना होगा।
सैलरी कितनी होगी
PWD इंजीनियर का पद ग्रुप ‘बी’ के अंतर्गत आता है। इस पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को केंद्रीय वेतन आयोग (पे मैट्रिक्स 7) और लेवल 6 के तहत 35400-112400 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं।

