बुजुर्गों को यात्रा कराना इतना आसान नहीं होता है और खासकर की कोरोना की वजह से और मुश्किल हो गया है, इसलिए बहुत जरूरी है कि आप अपने दादा-दादी, नाना- नानी या अन्य बड़ों को अपने साथ ले जा रहे हैं तो बातों का विशेषकर ख्याल रखें नहीं तो संभव है कि आप रास्तेभर परेशान हो सकते हैं।
बुजुर्गों को यात्रा पर ले जाने से पहले बहुत जरूरी है कि आप उनका एक बार पूरे शरीर का चेकअप करा लें। उनका बीपी, शुगर आदि नॉर्मल होने पर ही उन्हें अपने साथ यात्रा के लिए ले जाएं अन्यथा वे भी रास्तेभर परेशान होंगे और आप भी चिंताग्रस्त हो जाएंगे।
यात्रा के दौरान अपने साथ फर्स्ट एड बॉक्स जरूर रखें। उस बॉक्स में बड़ों की दवाइयों को एकदम व्यवस्थित ढंग से रखें। साथ में ओआरएस, इलेक्ट्रॉल आदि के पाऊच भी रखें ताकि इतने दिनों बाद यात्रा करने के कारण उन्हें बेचैनी या कमजोरी महसूस होती है तो आप तुरंत उन्हें ये घोलकर पिला सकें।
बुजुर्गों के मामले में आप बिल्कुल रिस्क नहीं ले सकते कि यात्रा के दौरान भूख लगने पर रास्ते में से कुछ भी लेकर खा लेंगे। इसलिए आप कुछ फल और घर का बना सूखा नाश्ता अपने साथ जरूर रखें। ऐसा करने से उन्हें भूख से तो राहत मिलेगी ही साथ ही वे बीमार भी नहीं पड़ेंगे।
सफर में जो सबसे आरामदायक स्थान है, वो घर के बड़े- बुजुर्गों के लिए सुनिश्चित करें। यदि आप खुद के वाहन से जा रहे हैं तब तो कोई समस्या ही नहीं है.

