लखनऊ: देशभर में आज मुस्लिम धर्मगुरुओं की अपील पर चांद देखने की कोशिश की गई लेकिन कहीं नजर नहीं आया. मरकज़ी चाँद कमेटी लखनऊ के अनुसार कल 30 वां रोज़ा है और ईद 14 मई यानि शुक्रवार को होगी.
लखनऊ की चांद कमेटी, दिल्ली की जामा मस्जिद और कोलकाता के इमारत-ए-शरैयाह-हिंद ने भी 14 मई को ईद मनाए जाने का ऐलान किया है. इस हिसाब से अब गुरुवार के दिन 30वां रोजा रखा जाएगा और 14 तारीख को ईद मनाई जाएगी.
कोरोना संक्रमण की वजह से मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से घर में ही ईद मनाने की अपील की है. ईद को लेकर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया फिरंगी महल लखनऊ ने एडवाइजरी जारी की गई थी. इसमें मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि घर में ही ईद मनाएं. उन्होंने कहा कि ईद मनाते समय कोरोना वायरस को लेकर जारी किए गए प्रोटोकॉल का पूरा पालन करें. घरों में रहकर ही ईद मनाएं. घर से बाहर न जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि किसी से हाथ न मिलाएं. मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को मुबारकबाद दें.
सामान्य तौर पर सऊदी अरब में चांद दिखने के दूसरे दिन भारत में चांद रात की परंपरा रही है. इस लिहाज से देखा जाए तो सउदी अरब में ईद 13 मई को है इसलिए भारत में एक दिन बाद यानी 14 मई को है.
कोरोना काल में ईद का रंग थोड़ा फीका है, क्योंकि पाबंदियों की वजह से सड़कों और बाजार में पहले जैसी रौनक नहीं है. साथ ही कोरोना के खतरे को देखते हुए मुस्लिम समुदाय ऐहतियात भी बरत रहा है.


