थप्पड़ मामले में उन्नाव से बीजेपी के विधायक पंकज गुप्ता ने अब सफाई दी है। उन्होंने उसी किसान नेता के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया और अपनी सफाई दी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस किसान नेता के भी सुर बदले नजर आए जिसने विधायक को सरेआम भरे मंच पर थप्पड़ मारा था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुजुर्ग किसान नेता से जब थप्पड़ क्यों मारने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि, हमने थप्पड़ नहीं मारा, हमने तो बस ऐसे ही हाथों से ‘थपकी’ देते हुए कहा था कि बेटा क्या हुआ?
Read also: योगी आदित्यनाथ को मथुरा से चुनाव लड़ाने की मांग, भाजपा सांसद ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र
विधायक पंकज गुप्ता ने भी सफाई देते हुए कहा कि, ‘विपक्ष जानबूझकर इसे तूल दे रहा है क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि, वीडियो के माध्यम से ऐसा बताया जा रहा है जैसे कि किसान मोदी से नाराज हैं।’ इसके बाद विधायक ने उक्त किसान नेता को अपने पिता तुल्य बताते हुए पुराने पारिवारिक संबंध होने की बात कही।
सपा ने साधा था निशाना
किसान नेता द्वारा विधायक को थप्पड़ मार जाने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सपा ने बीजेपी पर हमला बोला था। सपा ने वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि, किसान ने यह थप्पड़ बीजेपी विधायक को नहीं मारा बल्कि यूपी की आदित्यनाथ सरकार की तानाशाही, कुशासन और कुनीतियों के मुंह पर थप्पड़ जड़ा है।
Read also: एटीएस प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
क्या था मामला?
बता दें कि मामला तीन दिन पुराना है। जब विधायक पंकज गुप्ता उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जब वे मंचासीन थे, तभी बुजुर्ग किसान आता है। जब विधायक आशीर्वाद लेने के लिए उस बुजुर्ग के आगे झुकते हैं तो अचानक वो उन्हें थप्पड़ मार देता है। इसके बाद वहां अफरातफरी मच जाती है और तत्काल सुरक्षाकर्मी उस बुजुर्ग को पकड़कर मंच से नीचे लेकर चले जाते हैं। इस सारी घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।

