उत्तराखंड में मिले रिकार्ड 6251 नये कोरोना मरीज
देहरादून। उत्तराखंड में नये कोरोना मरीजों की संख्या हर दिन रिकार्ड तोड़ रही है। गुरुवार को राज्य में रिकार्ड 6251 नये कोरोना मरीज मिलने से शासन-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये हैं। वहीं जानलेवा होते जा रहे कोरोना ने आज 85 जिंदगियां छीन लीं। कोरोना की दहशत लोगों को खौफजदा किये हुए है वहीं संक्रमण रोकने के सभी प्रयास नाकाम साबित होते जा रहे हैं। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण राजधानी देहरादून और नैनीताल जिले के अस्पतालों में एक भी आईसीयू बेड खाली नहीं बचा है। लोग मरीजों को लेकर भटक रहे हैं मगर उन्हें उपचार नहीं मिल पा रहा है।
गुरुवार को स्वास्थ विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार आज देहरादून में 2207, हरिद्वार में 1163, यूएसगनर में 827, नैनीताल में 673, पौड़ी में 253, अल्मोड़ा में 198, उत्तरकाशी में 195, टिहरी में 163, चंपावत में 157, रुद्रप्रयाग में 150, चमोली में 125, बागेश्वर में 107, पिथौरागढ़ में 33 नये कोरोना मरीज पाये गये हैं।
राज्य में रिकवरी रेट अब कम होते हुए 68.82 प्रतिशत पर पहुंच गया है। वहीं संक्रमण दर तेजी से पहुंचते हुए 4.66 प्रतिशत पर पहुंच गई है। राज्य में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 219 हो गयी है। राज्य में कुल कोरोना संक्रमित का आंकड़ा 174867 हो गया है। वहीं कोरोना से 2502 मरीज जान गंवा चुके हैं।
राजधानी देहरादून और नैनीताल हरिद्वार और यूएस नगर जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मरीजों के लिये बेड को संकट बढ़ रहा है। संक्रमण की मौजूदा दर यदि ऐसे ही बनी रही तो कुछ दिनों में इन जिलों में भी आईसीयू और वेंटीलेटर बेड की कमी हो सकती है।

