देहरादून। चारधाम यात्रा को लेकर लोगों में कुछ ज्यादा ही दिलचस्पी देखने को मिल रही है। गढ़वाल मंडल विकास निगम में 5 करोड से अधिक की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 3 मई से शुरू होने वाली है। वही चार धाम यात्रा के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम गढ़वाल पर्यटन निगम कमिश्नर उत्तराखंड, सिविल एविएशन सहित तमाम सरकारी विभाग आपस में सहयोग कर तैयारी में जुटे हुए हैं।
Read also: बदरीनाथ केदारनाथ समेत चार धाम यात्रा शुरू करने के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश में समीक्षा बैठक
माना जा रहा है कि इस बार चार धाम यात्रा भव्य और दिव्य होगी। पिछले 2 साल से कोविड-19 की वजह से चारधाम यात्रा स्थगित रही थी। वर्ष 2019 की बात करें तो बदरीनाथ की यात्रा में 12 लाख तीर्थयात्री आए थे। वहीं चारों धामों में मिलाकर तकरीबन 36 से 40 लाख यात्री आए थे।
वर्ष 2020 और 21 में सीमित समय और सीमित संसाधनों के साथ चार धाम यात्रा को खोला गया। जहां श्रद्धालुओं की संख्या नाममात्र की रही। गढ़वाल मंडल विकास निगम प्रबंध निदेशक स्वाति भदौरिया के अनुसार इस बार चार धाम यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीद है कि इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड टूट जाएंगे।
Read also: चार धाम यात्रा के लिए नए निर्देश, यात्रा की तैयारियों को लेकर शासन प्रशासन ने कार्य तेज किया
आईएएस अधिकारी स्वाति भदौरिया के अनुसार आने वाले यात्रा के दबाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चार धाम यात्रा के लिए जीएमवीएन के तकरीबन 18 गेस्ट हाउस में 5 करोड़ से अधिक बुकिंग हो गई है। इसके बाद भी बुकिंग लगातार बढ़ती जा रही है।
स्वाति भदौरिया का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और बड़े पैमाने पर लोगों की उम्मीदें भी काफी है। हर संभव प्रयास होगा कि सभी को पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

