हरिद्वार। समाजवादी पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की अस्थियां आज हरिद्वार में चंडी घाट स्थित नीलधारा में विधि विधान के साथ विसर्जित कर दी गईं। अस्थि विसर्जन से पूर्व तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने कर्मकांड को संपन्न कराया। जिसके बाद बेटे अखिलेश यादव ने गंगा में नेता जी की अस्थियों को विसर्जित किया। अस्थि विसर्जन के बाद अखिलेश यादव ने गंगा में डुबकी लगाकर पिता की आत्मिक शांति की कामना की। इस दौरान मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल यादव, चचेरे भाई रामगोपाल यादव, प्रतीक यादव, बहू डिंपल यादव, अखिलेश की बेटी टीना अदिति, बेटा अर्जुन, चचेरा भाई धर्मेंद्र यादव, अंशुल यादव,तेजस प्रताप यादव, अनुराग यादव, अक्षय यादव,आदित्य यादव, छोटू यादव आदि परिवार के लोग मौजूद रहे।
अस्थि विसर्जन के दौरान उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों से विधायकों के अलावा पूर्व विधायक, सांसद और तमाम कार्यकर्ताओं भी मौके पर मौजूद रहे। हरिद्वार से पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी घाट पर मौजूद हैं। अस्थि विसर्जन के दौरान कार्यकर्ताओं ने धरती पुत्र मुलायम सिंह अमर रहे! नेताजी अमर रहे और जिंदाबाद के नारे लगाए!
सपा संस्थापक और उप्र के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का 10 अक्तूबर को निधन हुआ था। 11 अक्टूबर को धरती पुत्र पंचतत्व में विलीन हो गए थे। सोमवार को अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियों को विसर्जित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी। सैफई में मुलायम सिंह के शुद्धि संस्कार के बाद पिता के अस्थि कलश को लेकर अखिलेश यादव देहरादून के लिए रवाना हुए।
शुद्धि संस्कार होने के बाद अखिलेश यादव परिवार सहित हरिद्वार पहुंचे। जहां पर निजी विमान से जौलीग्रांट से हरकी पैड़ी पर लगभग साढ़े 12 बजे पहुंचे और अस्थि प्रवाहित संस्कार को संपन्न कराया।

