जब टीम का कप्तान इस बात को स्वीकार करे कि वह घबराया हुआ था तो फिर एडिलेड में मिली करारी शिकस्त से कोई हैरत नहीं होनी चाहिए। दरअसल यह बात मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान रोहित शर्मा ने कही. रोहित ने माना कि टीम दबाव महसूस कर रही थी. रोहित ने नॉकआउट मैचों में प्रैशर हैंडल न कर पाने को हार की बड़ी वजह बताया। हालाँकि रोहित ने बटलर और हेल्स की तारीफ की, रोहित ने कहा कि इन दोनों ने उन्हें संभलने का मौका ही नहीं दिया। बता दें कि भारत को आज टी 20 विश्व कप के सेमी फाइनल में 10 विकटों से शर्मनाक शिकस्त का सामना करना पड़ा. इतनी बड़ी हार के बाद सोशल मीडिया पर कप्तान रोहित शर्मा निशाना बने हुए हैं और भारतीय कप्तान के फैसलों पर सवाल भी उठा रहे हैं.
योजनाओं को क्रियान्वित नहीं कर पाए
रोहित ने आगे कहा- हम शुरुआत में घबराए हुए थे लेकिन जीत का श्रेय उनके सलामी बल्लेबाजों को देना होगा, बटलर और हेल्स ने वास्तव में बहुत अच्छी बल्लेबाज़ी की । भुवनेश्वर की गेंदबाज़ी पर राहुल ने कहा कि उन्हें लगा कि पहले ओवर में थोड़ा सा स्विंग हुआ लेकिन ये स्विंग सही लाइन में नहीं था। रोहित ने कहा कि वह इस बात को अच्छी तरह जानते थे कि एडिलेड में रन स्क्वेयर ऑफ द विकेट होते हैं। जब हमने यहाँ पर पहला गेम जीता था तो इसका काफी फायदा भी मिला था। लेकिन आज यहाँ पर हम अपनी योजनाओं को क्रियान्वित नहीं कर पाए. आप इसे टीम का दुर्भाग्य कह सकते हैं.
पहली बार दिखे रोहित की आँख में हार के आंसू
रोहित शर्मा इस शिकस्त से बेहद निराश हैं और यह निराशा मैदान में और मैदान के बाहर भी बहुत साफ़ दिखी। इससे पहले किसी हार पर रोहित शर्मा को भावुक होते कभी नहीं देखा गया लेकिन आज मिली करारी शिकस्त ने शायद उनको तोड़कर रख दिया तभी तो मैच के बाद डग आउट में उनका आंसुओं से भरा चेहरा लोगों ने देखा, विराट कोहली भी काफी थके हुए दिखे, कंधे झुके हुए और बेहद निराश, शायद सोच रहे होंगे कि उनके इतने अच्छे प्रदर्शन का नतीजा टीम को नहीं मिला।

