लखनऊ: राज्य शिक्षक संगठन ने दावा किया है कि कोरोना काल में हुए पंचायत चुनाव के दौरान अब तक 577 बेसिक शिक्षकों की मौत हो चुकी है. इससे पहले एक अखबार ने पंचायत चुनाव के दौरान 135 पोलिंग अफसरों की मौत की खबर छापी थी जिस पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया था.
577 शिक्षकों की लिस्ट सौंपी
राज्य शिक्षक संगठन ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग को उन 577 शिक्षकों की लिस्ट सौंपी है, जिनकी मौत पंचायत चुनाव में ड्यूटी के बाद हुई है. लिस्ट सौंपने के बाद राज्य शिक्षक संगठन ने 2 मई को होने वाली मतगणना को टालने की मांग की है. हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से मतगणना को टालने की कोई सुगबुगाहट नहीं है.
दावे की पड़ताल का सर्कुलर जारी
यूपी सरकार की ओर से भेजे गए इस सर्कुलर में स्पेशल वर्क ऑफिसर एसके सिंह ने सभी डीएम, एसपी और जिला निर्वाचन अधिकारी से अपने जिले में कोरोना के कारण शिक्षकों की मौत के दावे की पड़ताल करने का कहा था. इसकी रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर शासन ने तलब की है.
मतगणना का हो सकता है बहिष्कार
शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि कई जिलों से अभी टीचरों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी आनी बाकी है, लोग डरे हुए हैं, उनको लगता है कि कहीं उनके परिजन भी संक्रमित न हो जाएं, अभी हालात बहुत गंभीर है. राज्य निर्वाचन आयोग की लापरवाही का जिक्र करते हुए दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि अगर मतगणना को टाला नहीं जाता है तो हम इसका बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे.

