प्रधानमंत्री मोदी ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका, एक चुनावी रैली में उन्होंने अरविन्द केजरीवाल के घर को शीशमहल बताया जिसके बाद बारी आप संयोजक की थी. प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर ज़ोरदार पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि जो खुद 10 लाख रुपये का सूट पहनता है उसके मुंह से ‘शीशमहल’ की बात शोभा नहीं देती।’
बता दें कि आज सुबह एक चुनावी सभा में अरविन्द केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह भी अपने लिए भी ‘शीशमहल’ बनवा सकते थे लेकिन उनका सपना है कि देश में सभी बेघरों को उनकी छत मिले।
उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने में केजरीवाल ने देर नहीं लगाई और तुरंत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर प्रधानमंत्री मोदी पर पलटवार किया। केजरीवाल ने कहा कि जो अपने लिए 2,700 करोड़ रुपये का घर बनवाता है जो 8,400 करोड़ रुपये के हवाई जहाज में यात्रा करता है जो 10 लाख रुपये का सूट पहनता है, उसके मुंह से ‘शीश महल’ की बात शोभा नहीं देती।
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि 2022 तक दिल्ली में सभी को घर मिलेगा, आज 2025 में पीएम मोदी ने 1700 घरों की चाबी सौंपी है और उन्होंने कुछ समय पहले कालका जी में 3000 घरों की चाबी दी थी। कुल मिलाकर उन्होंने 5 साल में 4700 घरों की चाबी दी है। दिल्ली में 15 लाख लोगों को घरों की जरूरत है। ऐसा लगता है कि उनका घोषणापत्र 5 साल के बजाय 200 साल के लिए था। केजरीवाल ने कहा, पीएम मोदी ने आज 43 मिनट के भाषण में लगभग 39 मिनट तक दिल्ली के लोगों और उनके द्वारा चुनी गई सरकार को गाली दी।

