टी 20 विश्व कप: टीम इंडिया की धमाकेदार शुरुआत

फीचर्डटी 20 विश्व कप: टीम इंडिया की धमाकेदार शुरुआत

Date:

नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यूयॉर्क में कल रात टीम इंडिया ने टी 20 विश्व कप का धमाकेदार आग़ाज़ किया। भले ही सामने आयरलैंड की टीम थी फिर भी किसी भी टीम के खिलाफ 12 ओवरों में मैच जीतना एक बड़ा कारनामा कहा जाता है. भारत ने कल आयरलैंड को बड़ी आसानी से आठ विकेट से हराकर अपना सफर शुरू किया। एक घटिया पिच पर आयरलैंड की टीम मात्र 96 रन ही बना सकी जिसे रोहित शर्मा की फिफ्टी की मदद से टीम इंडिया ने 12. 2 ओवरों में 97 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यूयॉर्क की पिच किसी भी तरह से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की नहीं कही जा सकती। यहाँ पर गेंदबाज़ से ज़्यादा पिच कमाल दिखा रही है, बड़ा से बड़ा बल्लेबाज़ भी इस पिच पर आसानी से आउट हो सकता है. विराट कोहली इसका नमूना हैं जो पांच गेंदों में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए, सूर्यकुमार भी सिर्फ 4 गेंदों में दो रन ही बना सके. आयरलैंड की पारी के दौरान भी ऐसा ही नज़ारा रहा. भले ही उनके बल्लेबाज़ों ने कुछ खराब शॉट खेले लेकिन पिच जिस तरह का व्यवहार कर रही थी उसपर उनसे कोई ज़्यादा उम्मीद भी नहीं की जा सकती थी विशेषकर जब सामने बुमराह, सिराज, अर्शदीप जैसे गेंदबाज़ हों. इस तरह की पिच पर तो उन्हें खेलना किसी भी बड़ी टीम के बल्लेबाज़ों के लिए भी मुश्किल होगा।

आप कहेंगे कि रोहित शर्मा और ऋषभ पंत ने तो बड़ी आसानी से रन बनाये जो कि सही नहीं कहा जा सकता, उन्हें भी बल्लेबाज़ी करने में परेशानी हो रही थी, उनके शरीर पर भी गेंदे आकर टकरा रही थीं, उनके भी चांस निकल रहे थे, रोहित शर्मा को पारी छोड़कर बाहर भी जाना पड़ा था क्योंकि उनके शोल्डर पर गेंद लगी थी और वो दर्द महसूस कर रहे थे, ऋषभ पंत की भी कोहनी पर गेंद लगी थी जिसपर वो बिलबिला उठे थे. बहरहाल रोहित शर्मा की 37 गेंदों में आयी 52 रनों की पारी की तारीफ तो करनी ही पड़ेगी, उन्हें जो भी गेंद मिली उसे सीमा रेखा के पार पहुँचाने में उन्होंने देर लगाईं, ऋषभ पंत अपनी नई भूमिका में बिलकुल फिट नज़र आ रहे हैं, नंबर तीन पर उन्होंने अबतक अच्छा प्रदर्शन किया है, कल भी उन्होंने 26 गेंदों पर 36 बनाकर टीम इंडिया को मज़बूती दी. अब 9 जून को इसी मैदान पर भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा, यकीनन ये मुकाबला गेंदबाज़ी वाला ही होगा, नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यूयॉर्क की पिच बड़े स्कोर वाली पिच नहीं है ये अबतक सामने आया है, राहुल द्रविड़ भी यहाँ पर 140 का स्कोर एक अच्छा स्कोर मान रहे हैं. दोनों ही टीमों के पास स्तरीय गेंदबाज़ हैं इसलिए एक नज़दीकी मुकाबले की उम्मीद है.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related